राम मंदिर चढ़ावा चोरी के बाद बड़ा एक्शन! रुपये गिनने वाले सभी कर्मचारियों की हुई छुट्टी

राम मंदिर चढ़ावा चोरी के बाद बड़ा एक्शन! रुपये गिनने वाले सभी कर्मचारियों की हुई छुट्टी

अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावा चोरी प्रकरण सामने आने के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने सख्त कदम उठाया है। चढ़ावे की गिनती (Donation Counting) की पूरी व्यवस्था को बदलते हुए पुराने सभी कर्मचारियों को हटा दिया गया है। पहले चरण में 23 कर्मचारियों को हटाया गया था, जिसके बाद अब बचे हुए 13 कर्मचारियों को भी सेवामुक्त कर दिया गया है। इस कार्रवाई के साथ ही दान की गिनती से जुड़े पुराने स्टाफ की भूमिका पूरी तरह समाप्त हो गई है।

आउटसोर्सिंग स्टाफ की जगह अब SBI के स्थायी कर्मचारी

चढ़ावा चोरी कांड के बाद इस बात पर गंभीर सवाल उठे थे कि करोड़ों रुपये के नकद दान की गिनती के लिए निजी एजेंसी के हाउसकीपिंग कर्मचारियों की सेवाएं क्यों ली जा रही थीं। व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए अब SBI ने विभिन्न शाखाओं से अपने नियमित (Permanent) बैंक कर्मचारियों की तैनाती की है। इसके साथ ही वाराणसी की जिस निजी एजेंसी के जरिए इन आउटसोर्स कर्मचारियों को रखा गया था, उनसे आई-कार्ड और यूनिफॉर्म जमा करा लिए गए हैं।

हटाए गए कर्मचारियों ने लगाए गंभीर आरोप

अचानक नौकरी से निकाले जाने के बाद कर्मचारियों में नाराजगी देखी जा रही है। हटाए गए कर्मचारियों का आरोप है कि बिना किसी व्यक्तिगत गलती के उन्हें अचानक हटा दिया गया। उन्होंने ठेका एजेंसी पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि एजेंसी को प्रति कर्मचारी लगभग ₹26,000 का भुगतान किया जाता था, जबकि उन्हें वेतन के रूप में केवल ₹15,000 ही मिलते थे। हालांकि, इस पूरे मामले पर ट्रस्ट और एसबीआई की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

मंदिर परिसर से पुराने ठेकेदारों का नेटवर्क खत्म

सूत्रों के मुताबिक, ट्रस्ट केवल चढ़ावा गिनने वाली टीम तक ही सीमित नहीं है, बल्कि मंदिर परिसर में साफ-सफाई और रखरखाव से जुड़े पुराने ठेकेदारों को भी हटाने की प्रक्रिया शुरू कर चुका है। संदेहास्पद और संवेदनशील कार्यों से पुराने नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त कर नई एजेंसियों को जिम्मेदारी दी जा रही है। सुरक्षा और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए राम मंदिर प्रशासन में यह अब तक का सबसे बड़ा फेरबदल माना जा रहा है।

Latest Posts