अदरक की चाय के शौकीन हो जाएं सावधान! क्या जरूरत से ज्यादा सेवन बन सकता है सेहत के लिए मुसीबत?
अदरक की चाय का एक कप दिनभर की थकान मिटाने के लिए काफी होता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि यही अदरक अगर जरूरत से ज्यादा लिया जाए, तो यह फायदे की जगह नुकसान भी पहुंचा सकता है? स्वाद और ताजगी देने वाली अदरक की चाय के पीछे छिपे कुछ स्वास्थ्य जोखिमों को समझना बहुत जरूरी है।
कितनी मात्रा है सुरक्षित?
हेल्थ एक्सपर्ट्स और हेल्थलाइन की रिपोर्ट्स के अनुसार, एक स्वस्थ व्यक्ति को पूरे दिन में 4 ग्राम से ज्यादा अदरक का सेवन नहीं करना चाहिए। यदि आप दिन भर में कई बार अदरक वाली चाय पीते हैं या अदरक का काढ़ा और अन्य खाद्य पदार्थों में भी अदरक का उपयोग करते हैं, तो आपकी दैनिक खुराक सुरक्षित सीमा से ऊपर जा सकती है। यह अतिरिक्त मात्रा शरीर में असंतुलन पैदा कर सकती है।
किन लोगों को बरतनी चाहिए सावधानी?
अदरक की चाय का सेवन हर किसी के लिए सुरक्षित नहीं हो सकता। कुछ विशेष शारीरिक स्थितियों वाले लोगों को इससे दूरी बना लेनी चाहिए या डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए:
-
ब्लड प्रेशर के मरीज: अदरक का सेवन ब्लड प्रेशर को कम कर सकता है। जो लोग पहले से ही लो-बीपी की समस्या से जूझ रहे हैं या बीपी कम करने की दवा ले रहे हैं, उन्हें इसके अत्यधिक सेवन से बचना चाहिए।
-
ब्लीडिंग डिसऑर्डर: अदरक में खून को पतला करने के प्राकृतिक गुण होते हैं। यदि आपको ब्लीडिंग से जुड़ी कोई समस्या है या आप ब्लड थिनर (खून पतला करने वाली) दवाएं ले रहे हैं, तो अदरक का अधिक सेवन जोखिम भरा हो सकता है।
-
गॉलब्लैडर की समस्या: पित्त की थैली से जुड़ी बीमारियों वाले लोगों के लिए अदरक का नियमित सेवन परेशानी खड़ी कर सकता है।
-
एसिडिटी और सीने में जलन: संवेदनशील पेट वाले लोगों में अदरक की चाय से सीने में जलन, एसिडिटी या पेट की समस्या हो सकती है।
अदरक के साइड इफेक्ट्स के लक्षण
अगर चाय पीने के बाद आपको नीचे दिए गए लक्षण महसूस हों, तो इसे नजरअंदाज न करें:
-
मुंह या शरीर पर अचानक चकत्ते पड़ना या खुजली होना।
-
सीने में तीव्र जलन या खट्टी डकारें।
-
पेट में लगातार दर्द या असुविधा।
यदि ये लक्षण दिखें, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
फायदे भी हैं, बशर्ते मात्रा सही हो
इसका मतलब यह नहीं कि अदरक हानिकारक है। सही मात्रा में इसका सेवन औषधीय माना जाता है। अदरक में 'जिंजरोल' (Gingerol) नाम का तत्व पाया जाता है, जो शरीर में सूजन कम करने में मदद करता है। इसके अलावा, यह अपच, मतली और उल्टी जैसी समस्याओं में भी रामबाण साबित हो सकता है। बस ध्यान रखें कि 'अति' किसी भी चीज की अच्छी नहीं होती।