ट्विशा शर्मा और दीपिका नागर केस से दहलीं कंगना रनौत, लड़कियों को दी ऐसी सलाह जो फैशन या मैरिज इंडस्ट्री कभी नहीं बताएगी

ट्विशा शर्मा और दीपिका नागर केस से दहलीं कंगना रनौत, लड़कियों को दी ऐसी सलाह जो फैशन या मैरिज इंडस्ट्री कभी नहीं बताएगी

बॉलीवुड की 'क्वीन' और बेबाक राजनेता कंगना रनौत अपनी बेबाक बयानबाजी के लिए जानी जाती हैं। हाल ही में भोपाल की ट्विशा शर्मा और नोएडा की दीपिका नागर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की दुखद खबरों ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इन दोनों ही मामलों ने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया है। इस बीच, कंगना रनौत ने भी सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक और आंखें खोल देने वाली पोस्ट शेयर की है। उन्होंने उन लड़कियों और महिलाओं को एक कड़ा संदेश और सलाह दी है, जो शादी के इर्द-गिर्द ही अपनी पूरी दुनिया बुन लेती हैं।

समाज की कड़वी सच्चाई पर कंगना का करारा प्रहार

कंगना रनौत ने देश के मौजूदा सामाजिक ताने-बाने पर सवाल उठाते हुए अपनी पोस्ट में लिखा कि शादीशुदा महिलाओं के बारे में हर दिन इतनी दुखद खबरें आ रही हैं कि दिल दहल जाता है। कई पढ़ी-लिखी और समझदार लड़कियां इन खौफनाक त्रासदियों का शिकार होने से पहले अपने माता-पिता को अपनी परेशानियां बताती हैं, उनसे मदद की गुहार लगाती हैं और भीख तक मांगती हैं। लेकिन हमारा भारतीय समाज इस बात के लिए बदनाम है कि वह बेटियों को उनकी शादी हो जाने के बाद बिल्कुल अकेला छोड़ देता है। माता-पिता भी समाज के डर से बेटियों को वापस अपनाने में कतराते हैं।

कोई आपको बचाने नहीं आएगा, खुद बनना होगा अपना हीरो

देश की बेटियों को एक बड़ी और सच्ची सीख देते हुए कंगना ने लिखा कि वह लड़कियों को एक ऐसी सलाह देना चाहती हैं जो उन्हें यह सोशल मीडिया, फैशन, डेटिंग, शादी या मेकअप इंडस्ट्री कभी नहीं बताएगी। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि किसी भी लड़की की जिंदगी में किसी भी इंसान या रिश्ते से ज्यादा महत्वपूर्ण उसका खुद का करियर है। शादी के बारे में किसी भी लड़की को सिर्फ तभी सोचना चाहिए जब वह पूरी तरह से अपने पैरों पर खड़ी हो जाए और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन जाए। उन्होंने आगे लिखा कि हर लड़की को अपना हीरो खुद बनना होगा, क्योंकि कोई और आपको बचाने के लिए नहीं आने वाला है।

शादी से ज्यादा जरूरी है आपकी खुद की पहचान

कंगना ने महिलाओं को अपनी पहचान की कीमत समझाते हुए आगे लिखा कि आप असल जिंदगी में क्या करती हैं और आपकी खुद की पहचान क्या है, यह इस बात से कहीं ज्यादा जरूरी है कि आप किससे शादी करती हैं। किसी और की मर्जी के हिसाब से जीने की बजाय अपनी जिंदगी वैसी बनाएं जैसी आप खुद चाहती हैं। किसी और की फालतू बातों पर बिल्कुल ध्यान न दें। कंगना की यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोग इस गंभीर मुद्दे पर अपनी-अपनी राय रख रहे हैं।

Tags: