अक्षय कुमार की 'ना' ने चमकाई थलापति विजय की किस्मत, 70 करोड़ी इस फिल्म ने सिनेमाघरों में पूरे किए थे 300 दिन
दक्षिण भारतीय सिनेमा के 'थलापति' और तमिलनाडु की राजनीति में कदम रख चुके सुपरस्टार विजय आज अपना 52वां जन्मदिन मना रहे हैं. भले ही विजय ने अब रुपहले पर्दे से दूरी बना ली हो, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर उनके बनाए रिकॉर्ड्स आज भी इतिहास के पन्नों में दर्ज हैं. ऐसी ही एक दिलचस्प कहानी उनकी 14 साल पुरानी उस ब्लॉकबस्टर एक्शन थ्रिलर फिल्म की है, जिसने रिलीज होते ही तहलका मचा दिया था. बहुत कम लोग जानते हैं कि विजय के करियर की यह सबसे बड़ी टर्निंग पॉइंट फिल्म दरअसल बॉलीवुड के 'खिलाड़ी' अक्षय कुमार की झोली में जाने वाली थी.
अक्षय कुमार ने क्यों छोड़ दी थी ए आर मुरुगदौस की यह कहानी?
यह पूरा किस्सा मशहूर डायरेक्टर ए आर मुरुगदौस की मास्टरपीस फिल्म 'थुपक्की' (Thuppakki) से जुड़ा है. मुरुगदौस ने जब इस धांसू एक्शन थ्रिलर की स्क्रिप्ट तैयार की थी, तो उनके दिमाग में लीड रोल के लिए पहली पसंद अक्षय कुमार थे. डायरेक्टर ने अक्षय को कहानी सुनाई और खिलाड़ी कुमार को स्क्रिप्ट इतनी पसंद आई कि उन्होंने तुरंत इसके लिए हामी भर दी.
लेकिन शायद किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. अक्षय कुमार के बिजी शेड्यूल और बॉलीवुड के अन्य प्रोजेक्ट्स में लगातार हो रही देरी के चलते 'थुपक्की' का काम शुरू नहीं हो पा रहा था. आखिरकार, मुरुगदौस ने समय न गंवाते हुए इस फिल्म को तमिल में थलापति विजय के साथ आगे बढ़ाने का फैसला किया.
बॉक्स ऑफिस पर आया भूचाल, 300 दिनों तक थिएटर्स से नहीं उतरी फिल्म
जब साल 2012 में 'थुपक्की' सिनेमाघरों में रिलीज हुई, तो इसने सफलता के सारे पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए. आईएमडीबी (IMDb) के आंकड़ों के मुताबिक, महज 70 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनिया भर के बॉक्स ऑफिस पर 153.79 करोड़ रुपये का ताबड़तोड़ कलेक्शन किया.
इस फिल्म का क्रेज ऐसा था कि यह तमिलनाडु के सिनेमाघरों में पूरे 300 दिनों तक और केरल के थिएटर्स में 100 दिनों से ज्यादा समय तक टिकी रही. इस फिल्म ने विजय को तमिल सिनेमा का निर्विवाद सम्राट (थलापति) बनाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाई.
दो साल बाद अक्षय कुमार के साथ हिंदी में बनी 'हॉलिडे'
दिलचस्प बात यह है कि तमिल में ब्लॉकबस्टर साबित होने के बाद ए आर मुरुगदौस अपनी इस कहानी को दोबारा अक्षय कुमार के पास लेकर गए. साल 2014 में इस फिल्म का हिंदी रीमेक 'हॉलिडे: ए सोल्जर इज नेवर ऑफ ड्यूटी' नाम से बनाया गया. हिंदी वर्जन में भी अक्षय कुमार की एक्टिंग और मुरुगदौस के डायरेक्शन को दर्शकों ने खूब सराहा और यह फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई.