Welcome To The Jungle: अक्षय कुमार की फिल्म पर सेंसर बोर्ड का बड़ा एक्शन, दिशा-जैकलीन के बिकिनी सीन्स सहित लगे 18 कट्स, इतनी लंबी होगी फिल्म

Welcome To The Jungle: अक्षय कुमार की फिल्म पर सेंसर बोर्ड का बड़ा एक्शन, दिशा-जैकलीन के बिकिनी सीन्स सहित लगे 18 कट्स, इतनी लंबी होगी फिल्म

अक्षय कुमार के अभिनय से सजी मोस्ट अवेटेड मल्टीस्टारर कॉमेडी फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' (Welcome To The Jungle) इस शुक्रवार को सिनेमाघरों में धमाका करने के लिए पूरी तरह तैयार है. फिल्म की एडवांस बुकिंग भी धुआंधार तरीके से शुरू हो चुकी है और मेकर्स इसे एक प्योर फैमिली एंटरटेनर बता रहे हैं. इसी बीच फिल्म को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है. सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने फिल्म को U/A 16+ सर्टिफिकेट के साथ हरी झंडी तो दे दी है, लेकिन इसके लिए मेकर्स को सेंसर बोर्ड की कैंची का सामना करना पड़ा है. बोर्ड ने फिल्म में एक-दो नहीं, बल्कि पूरे 18 बड़े बदलाव और कट्स लगाने के निर्देश दिए हैं.

बदले गए कई राजनीतिक और संवेदनशील डायलॉग्स, 'कश्मीर' का जिक्र भी हटा

सेंसर बोर्ड ने फिल्म के डायलॉग्स में संवेदनशील, राजनीतिक और कुछ विवादित शब्दों पर कड़ा ऐतराज जताया है. आधिकारिक रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म के एक सीन से "कश्मीर का पानी" शब्द के इस्तेमाल वाली पूरी लाइन को ही डिलीट कर दिया गया है. इसके अलावा मिलिट्री से जुड़े शब्दों पर भी कैंची चली है; फिल्म में जहां "गोरखा रेजिमेंट" का जिक्र था, उसे बदलकर अब "तुम आर्मी से हो?" कर दिया गया है. पूरी फिल्म में इस्तेमाल हुए "जनरल" शब्द को बदलकर अब "ऑफिसर" या "सर" कर दिया गया है.

इसके अलावा भी कई अजीबो-गरीब और आपत्तिजनक डायलॉग्स को बदला गया है, जैसे:

  • "काला पैदा हुआ है, कोयला है" को बदलकर अब "सादा पैदा हुआ है, नमून हुआ है" किया गया है.

  • "याद करो कुर्बानी, मुंह में भर लो पानी" की जगह अब "जो शहीद होने जा रहा था, उसके मुंह में भर लो पानी" सुनाई देगा.

  • "अंधा" शब्द को "ढीला" से और "इज्जत ले लो" को "ये आपके साथ जाने को..." से रिप्लेस किया गया है.

  • फिल्म में इस्तेमाल हुए "अजारुद्दीन" नाम को बदलकर अब "अलाउद्दीन" किया गया है, जबकि "स्क्रूड" शब्द को भी दो जगहों से हटा दिया गया है.

दिशा पाटनी और जैकलीन फर्नांडीज के 'बिकिनी सीन्स' पर रोक, विजुअल्स भी उड़े

संवादों के अलावा फिल्म के विजुअल्स और ग्लैमरस सीन्स पर भी सेंसर की सख्त नजर रही. फिल्म के एक गाने से लीड एक्ट्रेस दिशा पाटनी और जैकलीन फर्नांडीज के बिकिनी शॉट्स और उससे जुड़ी बोल्ड कोरियोग्राफी को फाइनल प्रिंट से पूरी तरह साफ कर दिया गया है. यही नहीं, एक सीन में हाथ से किए गए अश्लील इशारे (Obscene Gesture) को काटकर उसकी जगह अभिनेता विंदु दारा सिंह का क्लोज-अप शॉट फिट किया गया है. इसके साथ ही "ना दिया" नाम के एक 10 सेकंड के पूरे सीन को भी फिल्म से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है.

18 कट्स के बाद भी फिल्म है काफी लंबी, जानिए क्या है फाइनल रनटाइम?

इतने सारे कट्स और छांट-काट के बावजूद थिएटर्स में दर्शकों को एक लंबी फिल्म देखने को मिलने वाली है. ऑफिशियल सेंसर सर्टिफिकेट के मुताबिक, 'वेलकम टू द जंगल' का फाइनल रनटाइम 164.50 मिनट तय हुआ है. यानी सिनेमाघरों में यह फिल्म पूरे 2 घंटे, 44 मिनट और 50 सेकंड की होगी.

अहमद खान के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अक्षय कुमार के साथ सुनील शेट्टी, रवीना टंडन, लारा दत्ता, अरशद वारसी, जैकी श्रॉफ, परेश रावल, जॉनी लीवर, राजपाल यादव, श्रेयस तलपड़े, तुषार कपूर, कृष्णा अभिषेक और कीकू शारदा सहित बॉलीवुड की एक बहुत बड़ी फौज नजर आने वाली है.

Latest Posts