331 का शेयर ₹693 पार! 2 दिन में 109% की तूफानी तेजी से मालामाल हुए निवेशक
स्टॉक मार्केट में एक बार फिर आईपीओ (IPO) की बंपर लिस्टिंग ने निवेशकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। प्रिसिशन इंजीनियरिंग सेक्टर की दिग्गज कंपनी मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज (Millworks Technologies) के शेयर बाजार में लगातार इतिहास रच रहे हैं। महज दो दिनों के भीतर इस शेयर ने अपने आईपीओ इश्यू प्राइस के मुकाबले 109% से ज्यादा का मल्टीबैगर रिटर्न देकर शेयरधारकों का पैसा दोगुना कर दिया है।
लिस्टिंग के दूसरे दिन भी लगा 5% का अपर सर्किट
बुधवार को बीएसई (BSE) में मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज के शेयर 5 प्रतिशत की बढ़त के साथ 693.30 रुपये पर बंद हुए। 21 जुलाई को बाजार में धमाकेदार एंट्री करने वाली इस कंपनी का आईपीओ प्राइस सिर्फ 331 रुपये था। पहले ही दिन शेयर 90% के प्रीमियम के साथ ₹628.90 पर लिस्ट हुआ था और ट्रेडिंग सेशन खत्म होते-होते यह ₹660.30 पर पहुंच गया। यानी पहले ही दिन इन्वेस्टर्स को 100% का मुनाफा मिल चुका था, जिसके बाद दूसरे दिन भी इसमें लगातार खरीदारी देखी गई।
219 गुना से ज्यादा मिला था बंपर सब्सक्रिप्शन
इस इश्यू को लेकर प्राइमरी मार्केट में जबरदस्त क्रेज देखा गया था। 14 से 16 जुलाई के बीच खुले 160 करोड़ रुपये के इस आईपीओ को कुल 219.54 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था। इसमें नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) का कोटा 260.37 गुना और रिटेल कैटेगरी का कोटा 216.60 गुना भरा था। वहीं क्वॉलीफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) ने इसमें 194.05 गुना बोली लगाई थी। रिटेल इन्वेस्टर्स को इसमें अधिकतम 2 लॉट (800 शेयर) के लिए अप्लाई करने की अनुमति थी।
क्या काम करती है मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज?
नवंबर 2021 में शुरू हुई मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज लिमिटेड हाई-प्रिसिशन इंजीनियरिंग कंपोनेंट्स की मैन्युफैक्चरिंग करती है। यह कंपनी भारतीय रेलवे, डिफेंस, एयरोस्पेस, मेट्रो रेल, ड्रोन और सेमीकंडक्टर जैसी आधुनिक इंडस्ट्रीज के लिए क्रिटिकल पार्ट्स और असेंबली डिजाइन करती है। कंपनी के प्रमोटर्स में श्रीधर आचार्य, एचके मधु, सौम्या मधु और रश्मि श्रीधर आचार्य शामिल हैं। आईपीओ के बाद कंपनी में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी घटकर 47.18% रह गई है।