रिकॉर्ड कमाई के बावजूद छंटनी, दिग्गज टेक कंपनी के CEO ने बताया क्यों बिना किसी वित्तीय संकट के निकाल दिए 1100 कर्मचारी
अमेरिकी टेक सेक्टर से एक बेहद हैरान करने वाली खबर सामने आ रही है। इंटरनेट सिक्योरिटी और कनेक्टिविटी क्लाउड क्षेत्र की दिग्गज कंपनी क्लाउडफ्लेयर (Cloudflare) ने दुनिया भर में अपने वर्कफोर्स के लगभग 20 प्रतिशत हिस्से यानी 1100 से अधिक कर्मचारियों को नौकरी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि यह फैसला कंपनी की पहली तिमाही की उस रिपोर्ट के ठीक बाद आया है, जिसमें कंपनी ने रिकॉर्डतोड़ कमाई का दावा किया है। इस अप्रत्याशित कदम के बाद कंपनी के सीईओ मैथ्यू प्रिंस ने 'वॉल स्ट्रीट जर्नल' (WSJ) में एक लेख के जरिए इस छंटनी की असल और अंदरूनी वजह का खुलासा किया है, जो हर कामकाजी पेशेवर के लिए आंखें खोलने वाली है।
कमाई में ऐतिहासिक उछाल, फिर भी इतनी बड़ी छंटनी क्यों?
सीईओ मैथ्यू प्रिंस ने अपने लेख में बेहद बेबाकी से इस फैसले को स्वीकार किया है। उन्होंने लिखा कि दो हफ्ते पहले मैंने अपनी कंपनी के 20 फीसदी से ज्यादा कर्मचारियों को नौकरी से मुक्त कर दिया। उन्होंने साफ किया कि यह फैसला इसलिए नहीं लिया गया कि क्लाउडफ्लेयर किसी आर्थिक तंगी या मुश्किल दौर से गुजर रही है। कंपनी का रेवेन्यू ग्रोथ रिकॉर्ड स्तर पर है, फ्री कैश फ्लो बेहद मजबूत है और दुनिया भर में नए ग्राहकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। प्रिंस के मुताबिक, अमेरिकी बिजनेस इतिहास में ऐसा कोई दूसरा उदाहरण नहीं मिलता जहां कोई पब्लिक कंपनी 30% से अधिक की सालाना रफ्तार से आगे बढ़ रही हो और इसके बावजूद उसने अपने 20% से अधिक स्टाफ को कम कर दिया हो।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) है इस बड़े बदलाव की मुख्य वजह
इस छंटनी के पीछे असल कारण बताते हुए मैथ्यू प्रिंस ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि व्यापार का पारंपरिक तरीका तेजी से बदल रहा है और भविष्य की रेस में जीतने के लिए कंपनी को भी अपने काम करने के ढर्रे को बदलना होगा। सीईओ का मानना है कि अगले साल तक एआई हर जगह एक सामान्य बात बन जाएगी। आज कई लोग यह समझने में असमर्थ हैं कि एआई किस तरह का क्रांतिकारी बदलाव ला रहा है और इसका असर किन-किन सेक्टर्स पर पड़ने वाला है। उन्होंने मशहूर लेखक पीटर ड्रकर की 1954 की ऐतिहासिक किताब 'The Practice of Management' का हवाला देते हुए समझाया कि समय के साथ हर बिजनेस के भीतर भूमिकाएं बदलती हैं और वर्तमान में एआई के कारण यही बदलाव हो रहा है।
नौकरियों का खात्मा नहीं, बल्कि नई भूमिकाओं की शुरुआत
मैथ्यू प्रिंस ने स्पष्ट किया कि एआई सभी नौकरियों को पूरी तरह खत्म नहीं करेगा, बल्कि यह बिजनेस के काम करने के तरीके को पूरी तरह से री-स्ट्रक्चर कर देगा। दिलचस्प बात यह है कि इतनी बड़ी छंटनी के बावजूद क्लाउडफ्लेयर में अभी भी रिकॉर्ड संख्या में पद खाली हैं। कंपनी को इस समर सीजन में 1,111 पेड इंटर्नशिप के लिए लगभग दस लाख (1 मिलियन) आवेदन प्राप्त हुए हैं। सीईओ ने बताया कि जिन उम्मीदवारों को चुना गया है, वे 'AI-नेटिव' हैं, यानी वे एआई तकनीकों के साथ काम करने में पूरी तरह कुशल हैं। कंपनी का यह कदम लागत में कटौती के लिए नहीं, बल्कि एआई-आधारित ऑपरेशंस के हिसाब से अपनी टीम को नए सिरे से तैयार करने के लिए है।
प्रभावित कर्मचारियों के लिए कंपनी ने क्या किया एलान?
सैन फ्रांसिस्को में मुख्यालय वाली इस कनेक्टिविटी क्लाउड कंपनी ने यह भी साफ किया है कि इस छंटनी का कर्मचारियों के पिछले प्रदर्शन (Performance) से कोई लेना-देना नहीं है। अचानक नौकरी जाने से प्रभावित हुए कर्मचारियों को राहत देने के लिए कंपनी ने एक मजबूत सेवरेंस पैकेज की घोषणा की है। प्रभावित स्टाफ को साल 2026 के अंत तक सेवरेंस पैकेज और स्वास्थ्य देखभाल (Health Benefits) के बढ़े हुए फायदे मिलते रहेंगे। इसके साथ ही, उन्हें 15 अगस्त तक की वेस्टेड इक्विटी (Vested Equity) का लाभ भी दिया जाएगा, ताकि वे इस बदलाव के समय में आर्थिक रूप से सुरक्षित महसूस कर सकें।