मंदी की आहट! 'रिच डैड पुअर डैड' के लेखक ने दी चेतावनी, बताया संकट में कैसे बनें अमीर
वैश्विक अर्थव्यवस्था पर आर्थिक मंदी के बादल मंडराने के बीच पर्सनल फाइनेंस की मशहूर किताब 'रिच डैड पुअर डैड' (Rich Dad Poor Dad) के लेखक रॉबर्ट कियोसाकी (Robert Kiyosaki) ने निवेशकों के लिए बड़ी चेतावनी जारी की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा है कि दुनिया इतिहास की सबसे बड़ी आर्थिक गिरावटों में से एक का सामना कर सकती है। ऐसे माहौल में मुश्किल समय के लिए पहले से तैयार रहना बेहद जरूरी है।
संकट में भी छिपा होता है अमीर बनने का मौका
रॉबर्ट कियोसाकी के मुताबिक, हर आर्थिक संकट के दौरान दो तरह के लोग होते हैं—एक जो अपनी संपत्ति गंवा देते हैं और दूसरे जो सही रणनीति अपनाकर और अमीर बन जाते हैं। अपनी किताब 'रिच डैड्स प्रोफेसी' का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने समय रहते चेतावनियों को समझा, वे आज वित्तीय रूप से सुरक्षित स्थिति में हैं। कियोसाकी ने कहा कि निवेशकों के पास अभी भी अपनी पोर्टफोलियो रणनीति बदलने का समय है ताकि वे नुकसान उठाने वालों की बजाय अवसरों का फायदा उठाने वालों की श्रेणी में शामिल हो सकें।
मंदी के बीच कहां करें निवेश?
वर्ष 2026-27 के दौरान ग्लोबल मार्केट क्रैश की आशंका जताते हुए कियोसाकी ने माना कि आर्थिक अनिश्चितता के दौर में ट्रेडिशनल मार्केट की जगह अल्टरनेटिव एसेट्स ज्यादा सुरक्षित होते हैं। वे हमेशा से ही सोना (Gold), चांदी (Silver) और बिटकॉइन (Bitcoin) जैसे एसेट्स को अपने पोर्टफोलियो में शामिल करने की वकालत करते रहे हैं। उनका मानना है कि मंदी के दौरान यह संपत्तियां निवेशकों के कैपिटल को सुरक्षित रखने में मददगार साबित होती हैं।
कीमतों में गिरावट को बनाएं खरीदारी का मौका
दिग्गज निवेशक जिम रोजर्स की बात का समर्थन करते हुए कियोसाकी ने कहा कि भविष्य में सोने और चांदी की कीमतों में भारी तेजी आएगी। हालांकि, इस दौरान कीमतों में अचानक बड़ी गिरावट (Market Correction) भी देखने को मिल सकती है। उन्होंने बताया कि हाल ही में जब सोने-चांदी के दामों में क्रैश आया था, तो उन्होंने पैनिक करने के बजाय और अधिक सोना और चांदी खरीदा था। गिरावट में खरीदारी करना ही समझदार निवेशकों की पहचान है।