आमिर खान की एक्स वाइफ किरण राव ने किया सोनम वांगचुक को सपोर्ट, सरकार पर भड़कीं

आमिर खान की एक्स वाइफ किरण राव ने किया सोनम वांगचुक को सपोर्ट, सरकार पर भड़कीं

लद्दाख के पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक के अनिश्चितकालीन अनशन को लेकर अब बॉलीवुड से भी आवाजें उठने लगी हैं। भूख हड़ताल के 20वें दिन आमिर खान की पूर्व पत्नी और फिल्ममेकर किरण राव खुलकर वांगचुक के समर्थन में आ गई हैं। उन्होंने प्रदर्शनकारियों की मांग की अनदेखी करने पर सरकार की तीखी आलोचना की है।

इंस्टाग्राम DP बदलकर जताया समर्थन

किरण राव ने सोनम वांगचुक के प्रति अपनी एकजुटता दिखाने के लिए अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट की डिस्प्ले पिक्चर (DP) बदल दी है। नई डीपी में सोनम वांगचुक की तस्वीर के साथ 'आई सपोर्ट सोनम' लिखा हुआ है। इसके साथ ही उन्होंने एक लंबा पोस्ट शेयर कर आंदोलनकारियों के जज्बे को सलाम किया है।

'देश आपका एहसानमंद है, सरकार की चुप्पी अमानवीय'

किरण राव ने अपने पोस्ट में लिखा, "मैं सोनम वांगचुक, अभिजीत दिपके और देश के उन सभी नागरिकों के साथ खड़ी हूं जो छात्रों के अधिकारों के लिए लड़ रहे हैं। हमारा देश आपका एहसानमंद है कि आपने हमें हमारी बेरुखी से बाहर निकाला।" सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि 19 दिनों के बाद भी इस आंदोलन पर सत्ता में बैठे लोगों की चुप्पी चौंकाने वाली और अमानवीय है। उन्होंने सरकार से तुरंत बातचीत शुरू करने की गुजारिश की।

'3 इडियट्स' के किरदार पर आमिर खान का बड़ा बयान

एक तरफ जहां किरण राव वांगचुक के सपोर्ट में हैं, वहीं बीते दिनों आमिर खान ने फिल्म '3 इडियट्स' को लेकर एक बड़ा खुलासा किया। आमिर ने साफ किया कि फिल्म में उनका मशहूर किरदार 'रैंचो' (फुंसुख वांगडू) सोनम वांगचुक पर आधारित नहीं था। आमिर के मुताबिक, जब यह फिल्म बन रही थी तब वह वांगचुक को जानते भी नहीं थे, हालांकि उन्होंने वांगचुक के सामाजिक कार्यों की सराहना जरूर की।