अदनान शेख ने विडो और डिवोर्सी महिलाओं पर दिया विवादित बयान, भड़कीं उर्फी जावेद ने लगाई क्लास
सोशल मीडिया कंट्रोवर्सी: 'बिग बॉस ओटीटी 3' और 'एस ऑफ स्पेस 2' फेम मशहूर कॉन्टेंट क्रिएटर और इन्फ्लुएंसर अदनान शेख अपने एक नए बयान के चलते सोशल मीडिया पर बुरी तरह ट्रोल हो रहे हैं। एक पॉडकास्ट के दौरान महिलाओं को लेकर दिए गए उनके एक बयान की वीडियो क्लिप इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें वे तलाकशुदा (डिवोर्सी) और विधवा (विडो) महिलाओं की तुलना बेहद आपत्तिजनक शब्दों से करते दिख रहे हैं। इस बयान पर आम जनता के साथ-साथ टीवी और फैशन सेंसेशन उर्फी जावेद का भी गुस्सा फूट पड़ा है।
क्या कहा अदनान शेख ने पॉडकास्ट में?
'आ दिल की बात करें' नाम के एक पॉडकास्ट में शादी और समाज के विषयों पर चर्चा करते हुए अदनान शेख ने कहा, "सबको बराबरी से ट्रीट करना है। उदाहरण के लिए विडोज, डिवोर्सी दो ही चीज होती है। या तो वो शादी करके वो इज्जतदार जिंदगी जिए, उसके साथ में एक नाम ऐड हो या तो पब्लिक प्रॉपर्टी बन जाए। जो सोसायटी है, उनसे मैं ये पूछना चाहता हूं, 30 परसेंट महिलाएं अगर बच रही हैं, कोई अगर शादी करे तो उससे तुमको दिक्कत है, पब्लिक प्रॉपर्टी बन जाए और उसे बहुत सारे लोग यूज करें तो क्या ये चीज तुमको चलेगी?"
अदनान ने समाज पर सवाल उठाते हुए आगे कहा, "वो 30 परसेंट में तुम्हारी मां और बहन होंगी। क्या चाहोगे कि वो शादी करके इज्जतदार जिंदगी जिए? कोई उसकी जिम्मेदारी ले, जिंदगीभर उसका साथ दे, मरते दम तक उसका खयाल रखे। या फिर तुम ये चाहोगे कि कोई भी आए और उसको यूज करे?" महिलाओं के लिए 'पब्लिक प्रॉपर्टी' और 'यूज' जैसे शब्दों का इस्तेमाल करने पर सोशल मीडिया यूजर्स उन पर भड़के हुए हैं।
उर्फी जावेद ने रील शेयर कर निकाला गुस्सा
अदनान शेख के इस बयान पर फैशन आइकॉन उर्फी जावेद ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने अदनान की इस वीडियो क्लिप को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर करते हुए तीखा हमला बोला। उर्फी ने बेहद आक्रामक अंदाज में लिखा, "इस तरह के मर्दों को बोलने ही क्यों दिया जाता है?"
उर्फी के अलावा इंटरनेट पर हजारों लोग अदनान को आड़े हाथों ले रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, 'इसको किसने अधिकार दिया कि ये विडो और डिवोर्सी को पब्लिक प्रॉपर्टी बोले, मुझे लगता है, भैया सिर्फ रील ही बनाएं तो अच्छा है। इसको फॉलो करते ही क्यों हैं लोग?' वहीं कुछ यूजर्स ने तो अदनान शेख के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और केस दर्ज करने तक की मांग उठा दी है।
इंटरफेथ शादी को लेकर भी रहे थे चर्चा में
आपको बता दें कि अदनान शेख हाल ही में अपनी पर्सनल लाइफ और शादी को लेकर भी विवादों में घिरे थे। उनकी शादी के बाद उनकी खुद की बहन ने आरोप लगाया था कि अदनान ने रिद्धि जादव नाम की एक हिंदू लड़की से शादी की है और उसका जबरन धर्म परिवर्तन करवाकर उसका नाम आयशा रखा है। हालांकि, इन आरोपों को खारिज करते हुए अदनान ने कहा था, "हम भारत में रहते हैं, यहां सभी को अपना धर्म चुनने की पूरी आजादी है। मैं कौन होता हूं किसी को कन्वर्ट करके शादी करने वाला? ऐसे कई मामले हैं जहां हिंदू लड़कों ने मुस्लिम लड़कियों से शादी की है। कोई किसी को जबरदस्ती कन्वर्ट नहीं कर सकता।"