शोएब इब्राहिम के फैंस के लिए गुड न्यूज, पिता की हेल्थ पर आया लेटेस्ट अपडेट; बोले- 'जल्द घर लौटेंगे पापा'
टीवी इंडस्ट्री के चहेते स्टार शोएब इब्राहिम के फैंस के लिए राहत की खबर सामने आई है। पिछले एक महीने से अधिक समय से अस्पताल में भर्ती अपने पिता की सेहत को लेकर शोएब ने बड़ा अपडेट दिया है। अभिनेता ने बताया कि उनके पिता की तबीयत में अब काफी सुधार है और वे बहुत जल्द अस्पताल से डिस्चार्ज होकर अपने घर लौट रहे हैं। शोएब इब्राहिम के पिता की बीमारी की खबर ने उनके प्रशंसकों को काफी परेशान कर दिया था, लेकिन अब इस सकारात्मक अपडेट ने सभी को सुकून दिया है।
अस्पताल से घर वापसी की तैयारी
शोएब इब्राहिम ने अपने हालिया यूट्यूब व्लॉग के जरिए इस बात की जानकारी साझा की है। अभिनेता ने बताया कि वे अगले एक या दो दिन में अपने पिता को अस्पताल से घर ले आएंगे। हालांकि, घर लाने से पहले वे पिता की जरूरतों को लेकर काफी सतर्क हैं। शोएब ने बताया कि उनके पिता अभी सामान्य बेड पर लेटने की स्थिति में नहीं हैं, जिसके लिए उन्होंने घर में खास इंतजाम किए हैं। उन्होंने पिता की सुविधा के लिए एक रिक्लाइनर बेड और एयर मैट्रिस का सेटअप तैयार करवाया है, ताकि उन्हें खान-पान में किसी तरह की समस्या न हो। बता दें कि शोएब के पिता पिछले 1 महीने 5 दिनों से अस्पताल में भर्ती थे।
परिवार ने दिखाई हिम्मत और धैर्य
इस कठिन समय में शोएब इब्राहिम के पूरे परिवार ने बेहद हिम्मत दिखाई है। व्लॉग में शोएब की मां काफी भावुक नजर आईं और उन्होंने बेटे की मेहनत की तारीफ की। शोएब ने भी अपने पिता के जज्बे की सराहना करते हुए कहा कि उनके पिता ने भी खुद को बहुत संभाला है। वहीं, शोएब इब्राहिम ने खुद के बारे में बताया कि अस्पताल के पास ही उन्होंने एक फ्लैट रेंट पर लिया हुआ है ताकि वे पिता की देखभाल के लिए उनके करीब रह सकें। अंत में उन्होंने अपनी पत्नी दीपिका कक्कड़ को गले लगाकर इस मुश्किल दौर में उनके साथ खड़े रहने के लिए धन्यवाद दिया। गौरतलब है कि दीपिका कक्कड़ खुद भी कैंसर जैसी बीमारी से जूझ रही हैं और उनकी इम्यूनोथेरेपी चल रही है, फिर भी वे लगातार परिवार को सपोर्ट कर रही हैं।