'ऐसे मैं 100 जला दूंगा, बस ट्राई कर लेना...' आधी रात को फूटा सलमान खान का भयंकर गुस्सा, पपराजी को दी अब तक की सबसे बड़ी चेतावनी

'ऐसे मैं 100 जला दूंगा, बस ट्राई कर लेना...' आधी रात को फूटा सलमान खान का भयंकर गुस्सा, पपराजी को दी अब तक की सबसे बड़ी चेतावनी

मनोरंजन डेस्क: बॉलीवुड के 'सुल्तान' सलमान खान सोशल मीडिया पर अक्सर अपने कूल अंदाज के लिए जाने जाते हैं, लेकिन मंगलवार की देर रात कुछ ऐसा हुआ कि भाईजान का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। आधी रात को करीब 2 बजे सलमान खान ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक के बाद एक 4 तस्वीरें पोस्ट कीं। इन तस्वीरों के साथ लिखे कैप्शंस में सलमान खान का गुस्सा और दर्द साफ झलक रहा था। उन्होंने बेहद कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए लिखा, "साठ साल का हो गया हूं, लेकिन लड़ना नहीं भूला।" इस पोस्ट के सामने आते ही सोशल मीडिया पर हड़कंप मच गया है।

हिंदुजा अस्पताल के बाहर हुआ बवाल, पपराजी की हरकत पर भड़के भाईजान

दरअसल, इस पूरे गुस्से और चेतावनी की शुरुआत मंगलवार, 19 मई की रात मुंबई के हिंदुजा अस्पताल से हुई। सलमान खान देर रात किसी निजी वजह से अस्पताल पहुंचे थे। हमेशा की तरह पपराजी (फोटोग्राफर्स) भी अपनी गाड़ियां दौड़ाते हुए सलमान का पीछा करते-करते अस्पताल परिसर के अंदर तक पहुंच गए।

जैसे ही सलमान खान अपनी गाड़ी से नीचे उतरे, वहां मौजूद फोटोग्राफर्स उनका ध्यान अपनी तरफ खींचने के लिए जोर-जोर से 'भाई, भाई' चिल्लाने लगे। अस्पताल जैसे शांत और संवेदनशील इलाके में इस तरह की हूटिंग और शोर-शराबा देखकर सलमान खान अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सके। वे तुरंत पपराजी की तरफ मुड़े और बेहद गुस्से में चिल्लाते हुए इशारों में पूछा, "पागल हो क्या? अगर तुम्हारा अपना कोई अस्पताल के अंदर एडमिट होता, तो क्या तुम तब भी ऐसा ही बर्ताव करते?" सलमान खान का यह रूप देखकर वहां सन्नाटा पसर गया और फोटोग्राफर्स तुरंत उनसे माफी मांगने लगे।

इंस्टाग्राम पर एक के बाद एक 4 पोस्ट, सलमान ने लिखा दिल का दर्द

अस्पताल की इस घटना से सलमान खान इस कदर आहत हुए कि उन्होंने घर पहुंचकर देर रात 2 बजे इंस्टाग्राम पर अपनी चार अलग-अलग तस्वीरें शेयर कीं और कैप्शंस के जरिए पपराजी के खिलाफ अपना पूरा गुस्सा निकाल दिया।

अपनी पहली पोस्ट में सलमान ने लिखा, "अगर मैंने किसी प्रेस वाले को अस्पताल के बाहर खड़े होकर मेरे दर्द का आनंद लेते हुए देखा... वो प्रेस जिसके लिए मैं हमेशा खड़ा रहा, बातचीत की, ध्यान रखा और यह सुनिश्चित किया कि वे भी अपनी रोजी-रोटी कमा सकें..."

इसके ठीक बाद दूसरी पोस्ट में उनका गुस्सा और बढ़ गया। उन्होंने लिखा, "लेकिन अगर वे मेरे दुख से पैसा कमाना चाहते हैं.... तो शांत रहें, आनंद न लें। भाई भाई भाई मातृभूमि... पिक्चर की मां की आंख, तस्वीर जरूरी है या जिंदगी?"

'अगली बार ट्राई कर लेना मेरे साथ' - भाईजान ने दी खुली चुनौती

सलमान खान यहीं नहीं रुके, उन्होंने अपनी तीसरी और चौथी पोस्ट में सीधे तौर पर चेतावनी दे डाली। उन्होंने लिखा, "ऐसे में मैं सौ जला दूंगा। भाई के एक, भाई के दुख पर, अगली बार ट्राई कर लेना मेरे साथ। बस ट्राई कर लेना... जब भी तुम्हारा कोई हॉस्पिटल में होगा क्या मैं ऐसा रिएक्ट करूंगा?"

सलमान खान के इस पोस्ट से साफ है कि वे अस्पताल जैसी जगह पर मीडिया के इस रवैये से बेहद नाराज हैं। मनोरंजन जगत के गलियारों में सलमान खान के इस गुस्से वाले वीडियो और उनके इस सोशल मीडिया पोस्ट की जबरदस्त चर्चा हो रही है और फैंस भी भाईजान की इस बात का पूरा समर्थन कर रहे हैं।

Tags: