सौरव द्विवेदी की 'कर्तव्य' ट्रोलिंग के बीच राजपाल यादव का बड़ा खेल! 4 तस्वीरों ने इंटरनेट पर मचाया गदर, लोग बोले- 'इसे कहते हैं साइलेंट बदला'

सौरव द्विवेदी की 'कर्तव्य' ट्रोलिंग के बीच राजपाल यादव का बड़ा खेल! 4 तस्वीरों ने इंटरनेट पर मचाया गदर, लोग बोले- 'इसे कहते हैं साइलेंट बदला'

मनोरंजन डेस्क: बॉलीवुड के बेहतरीन कॉमेडियन और एक्टर राजपाल यादव सोशल मीडिया पर अपने एक लेटेस्ट पोस्ट को लेकर जबरदस्त सुर्खियों में आ गए हैं। इस पोस्ट में उन्होंने किसी का नाम तो नहीं लिया, लेकिन इंटरनेट की जनता ने इसके पीछे का गहरा कनेक्शन ढूंढ निकाला है। दरअसल, इन दिनों फिल्म 'कर्तव्य' को लेकर मशहूर जर्नलिस्ट सौरभ द्विवेदी को सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया जा रहा है। इसी बीच राजपाल यादव ने बिना एक भी शब्द लिखे 4 ऐसी तस्वीरें शेयर कर दी हैं, जिसे देखकर लोग कह रहे हैं कि एक्टर ने बहती गंगा में हाथ धोते हुए अपना पुराना हिसाब चुकता कर लिया है।

बिना कैप्शन की तस्वीरों ने बढ़ाई हलचल, राजपाल के एक्सप्रेशंस पर आए मजेदार कमेंट्स

राजपाल यादव ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल से 4 तस्वीरों की एक सीरीज पोस्ट की है। इस पूरे पोस्ट की सबसे दिलचस्प बात यह है कि राजपाल ने इसके साथ कोई कैप्शन नहीं लिखा है और न ही किसी को टैग किया है। लेकिन तस्वीरों में उनके पोज और एक्सप्रेशंस बहुत कुछ बयां कर रहे हैं।

पहली तस्वीर में राजपाल एक बड़ी और शाही कुर्सी पर मुस्कुराते हुए बैठे नजर आ रहे हैं। दूसरी फोटो में वो मुट्ठी बांधे खड़े हैं, तीसरी में कमर पर हाथ रखे हैं और चौथी तस्वीर में दोनों हाथ आगे रखकर पोज दे रहे हैं। चारों ही तस्वीरों में उनके चेहरे की चिर-परिचित मुस्कान और खास एक्सप्रेशंस बिल्कुल एक जैसे हैं। इन तस्वीरों को देखते ही कमेंट सेक्शन में मीम्स और मजेदार रिएक्शंस की बाढ़ आ गई है। फैंस का मानना है कि राजपाल की यह 'कुर्सी' और उनके पोज सीधे तौर पर सौरभ द्विवेदी की तरफ इशारा कर रहे हैं।

कमेंट बॉक्स में 'कर्तव्य' के डायलॉग्स की बौछार, फैंस बोले- 'घी खाया करो मित्र'

राजपाल यादव के इस साइलेंट पोस्ट पर अब तक हजारों कमेंट्स आ चुके हैं, जहां लोग फिल्म 'कर्तव्य' में सौरभ द्विवेदी की एक्टिंग और डायलॉग्स का मजाक उड़ा रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "लो भाई, राजपाल सर ने भी ट्रोल कर दिया।" वहीं दूसरे ने सौरभ का ही एक डायलॉग चिपकाते हुए लिखा, "क्या नाम है तुम्हारा?"

इसके अलावा कुछ यूजर्स ने लिखा, "बड़ी कमजोर एक्टिंग है तुम्हारी" और "घी खाया करो मित्र।" एक सोशल मीडिया यूजर ने चुटकी लेते हुए कमेंट किया, "सौरभ द्विवेदी से लिया गया बिल्कुल साइलेंट बदला!" वहीं कई लोगों का ध्यान उस कुर्सी पर गया और उन्होंने लिखा कि यह बिल्कुल 'सौरभ वाली कुर्सी' लग रही है।

अवॉर्ड शो का वो पुराना किस्सा, जब सरेआम हुआ था विवाद

आखिर लोग इसे राजपाल यादव का बदला क्यों कह रहे हैं? इसके पीछे 'चेतक स्क्रीन अवॉर्ड्स 2026' का एक पुराना किस्सा है। दरअसल, इस अवॉर्ड शो को जर्नलिस्ट सौरभ द्विवेदी होस्ट कर रहे थे और राजपाल यादव वहां बतौर गेस्ट पहुंचे थे। शो के एक सेगमेंट के दौरान राजपाल यादव ग्लोबल करंसी और युद्ध जैसे गंभीर मुद्दों पर अपनी राय रख रहे थे। इसी बीच सौरभ द्विवेदी ने राजपाल के पुराने चेक बाउंस और लोन वाले पर्सनल मामले को बीच में घसीट लिया।

सौरभ ने भरे मंच पर कहा था, 'राजपाल भाई, रुपये और डॉलर में कितना भी उतार-चढ़ाव दिखे, आपको उतने ही लौटाने पड़ेंगे जितने उधार हैं।' इस कमेंट को लेकर सोशल मीडिया पर सौरभ द्विवेदी की काफी आलोचना हुई थी कि उन्होंने पब्लिक फोरम पर एक सीनियर एक्टर का मजाक उड़ाया।

राजपाल ने दी थी सफाई, पर 'कर्तव्य' ने फिर भड़काई आग

उस वक्त जब यह विवाद बहुत ज्यादा बढ़ गया था, तो राजपाल यादव ने खुद सामने आकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखा था कि अवॉर्ड शो में जो कुछ भी हुआ वो सब पहले से स्क्रिप्टेड था। हालांकि, अब जब सौरभ द्विवेदी अपनी फिल्म 'कर्तव्य' में एक्टिंग को लेकर ट्रोलर्स के निशाने पर आए हैं, तो राजपाल यादव के इस नए पोस्ट ने पुरानी आग को फिर से हवा दे दी है। लोग मान रहे हैं कि राजपाल यादव ने बिना कुछ बोले ही अपना सबसे सटीक जवाब दे दिया है।

Tags: