छात्र आंदोलन पर सलमान खान ने तोड़ी चुप्पी! बोले 'प्रोटेस्ट ही सही तरीका, इसे राजनीति से दूर रखें'
देशभर में जारी छात्र आंदोलन और पेपर लीक विवाद पर बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान (Salman Khan) ने आखिरकार अपनी प्रतिक्रिया दी है। लंबे समय से इस संवेदनशील मुद्दे पर उनकी खामोशी को लेकर सवाल उठ रहे थे। अब 'भाईजान' ने सोशल मीडिया पर एक विस्तृत पोस्ट शेयर करते हुए आंदोलनकारी छात्रों के साहस की सराहना की है, साथ ही इस बात पर चिंता भी जताई है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया।
'पेपर लीक गंभीर मुद्दा, बेहतर शिक्षा के लिए एकजुट हुए बच्चे'
सलमान खान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक तस्वीर साझा करते हुए छात्रों और उनके अभिभावकों का समर्थन किया। उन्होंने लिखा कि पेपर लीक एक बेहद गंभीर समस्या है और उन्हें यह देखकर खुशी हो रही है कि देश का युवा बेहतर शिक्षा व्यवस्था और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए एकजुट हुआ है। सलमान ने कहा कि छात्रों ने अपनी लगन, ईमानदारी और उत्सुकता से यह साबित कर दिया है कि वे एक शिक्षित और सशक्त भारत का निर्माण करना चाहते हैं।
'आंदोलन ही सही रास्ता, लेकिन हिंसा से दुख हुआ'
छात्रों के कदम की तारीफ करते हुए सलमान खान ने कहा कि अपनी मांगों को उठाने के लिए आंदोलन और प्रोटेस्ट ही सही तरीका है। हालांकि, प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा पर दुख जताते हुए उन्होंने कहा कि जो आंदोलन इतना शांतिपूर्ण शुरू हुआ था, उसका हिंसक हो जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने घायल हुए छात्रों और परेशान अभिभावकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और कहा कि यह पीढ़ी भारत को शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।
'मुद्दे का राजनीतिकरण न हो, भारत बने ग्लोबल एजुकेशन हब'
सलमान खान ने राजनीतिक दलों को नसीहत देते हुए साफ शब्दों में कहा कि यह मामला छात्रों और शिक्षा व्यवस्था (Government & Education System) के बीच का है, इसे राजनीतिक रूप से हाईजैक (Politically Hijacked) नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार छात्रों को पूरा समर्थन देगी और एक पारदर्शी व्यवस्था बनाएगी। अपनी बात खत्म करते हुए सलमान ने कहा कि शिक्षा को हमारे देश का अगला 'ट्रेंड और फैशन' बनना चाहिए, ताकि दुनिया भर से लोग भारत पढ़ने आएं और देश वैश्विक शिक्षा का बड़ा हब बने।