सोहेल खान का चौंकाने वाला खुलासा, बचपन में हुए थे सेक्सुअल हैरेसमेंट का शिकार; सालों बाद पिता को बताया था यह दर्दनाक राज

सोहेल खान का चौंकाने वाला खुलासा, बचपन में हुए थे सेक्सुअल हैरेसमेंट का शिकार; सालों बाद पिता को बताया था यह दर्दनाक राज

रियलिटी शो 'अलायंस' (Alliance) के मंच पर बॉलीवुड अभिनेता और सलमान खान के भाई सोहेल खान ने एक ऐसा चौंकाने वाला खुलासा किया है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। शो के लेटेस्ट एपिसोड में रैगिंग और बुलींग पर चल रही चर्चा के दौरान सोहेल ने अपने बचपन का एक गहरा और दर्दनाक राज साझा करते हुए बताया कि वह बचपन में सेक्सुअल हैरेसमेंट (यौन उत्पीड़न) का शिकार हुए थे। इस कड़वे सच को उन्होंने कई सालों तक अपने दिल में ही दबा कर रखा था।

शर्म के कारण सालों तक रहे चुप, बड़े होने पर पिता को बताया

सोहेल खान ने बेहद भावुक होते हुए बताया, "जब मैं छोटा था, तब कुछ लोगों ने सालों तक मेरा सेक्सुअल हैरेसमेंट किया। मैं उस समय इस बारे में बात करने में बहुत शर्मिंदा महसूस करता था। जब मैं बड़ा हुआ, तब मैंने हिम्मत जुटाकर अपने पिता (सलीम खान) को यह बात बताई। डैडी ने मुझसे पूछा कि तुमने इतने सालों तक यह बात क्यों छुपाई? मैंने उनसे माफी मांगते हुए कहा कि गलती मेरी नहीं थी, लेकिन उस उम्र में आपको बेहद शर्म महसूस होती है।"

बच्चों को दी हमेशा खुलकर बात करने की सीख

इस दर्दनाक अनुभव से सीख लेते हुए सोहेल अपने बच्चों की परवरिश को लेकर काफी सतर्क रहते हैं। उन्होंने बताया, "मैं अपने बेटों—निर्वाण और योहान से हमेशा कहता हूं कि कभी भी किसी बात को लेकर शर्माना मत। अगर कोई भी तुम्हें परेशान करे, तो तुरंत आकर मुझे बताओ। किसी भी चीज को चुपचाप सहने की जरूरत नहीं है।" सोहेल की इस बहादुरी और बेबाकी को देखकर शो के होस्ट कुणाल खेमू और बाकी कंटेस्टेंट्स ने उन्हें गले लगा लिया और उनकी जमकर तारीफ की।

'अलायंस' में हो रही है नए कंटेस्टेंट्स की एंट्री

आपको बता दें कि कुणाल खेमू द्वारा होस्ट किए जा रहे इस रियलिटी शो में इन दिनों जबरदस्त ड्रामा देखने को मिल रहा है। शो में हाल ही में अली गोनी और सोहेल खान की एक्स-वाइफ सीमा सजदेह की भी एंट्री हुई है। वहीं चर्चा है कि स्प्लिट्सविला और बिग बॉस फेम कशिश कपूर भी जल्द ही इस शो का हिस्सा बन सकती हैं।