कंगना रनौत के 'जेनरेशन गटर' वाले बयान पर भड़के विशाल ददलानी, बोले- 'सड़क पर बच्चों को पीटा, ये गालियां खुद कमाई'
बॉलीवुड एक्ट्रेस और सांसद कंगना रनौत द्वारा जंतर-मंतर के प्रोटेस्ट और आज की युवा पीढ़ी (Gen-Z) पर दिए गए तीखे बयानों के बाद घमासान मच गया है। कंगना ने हाल ही में सोशल मीडिया पर प्रदर्शन करने वाले युवाओं की भाषा और उनके तौर-तरीकों की कड़ी आलोचना करते हुए उन्हें 'जेनरेशन गटर' तक कह दिया था। एक्ट्रेस के इस बयान के बाद अब मशहूर म्यूजिक कंपोजर और सिंगर विशाल ददलानी खुलकर मैदान में उतर आए हैं और उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कंगना रनौत को करारा जवाब दिया है। विशाल के इस रुख के बाद सोशल मीडिया पर बहस और तेज हो गई है।
विशाल ददलानी का पलटवार: "ये गालियां तुमने खुद कमाई हैं"
विशाल ददलानी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट साझा करते हुए कंगना रनौत के बयानों और प्रदर्शनकारियों पर हुई कार्रवाई का तीखा विरोध किया है। उन्होंने लिखा, ’बुरी भाषा!? तुमने सड़कों पर बच्चों को पीटा, उन पर पत्थर फेंके, उन्हीं को दोषी ठहराते रहे हो! उन पर गोलियां चलाते हो। उन पर आंसू गैस छोड़ते हो। उनके चेहरों पर पैलेट गन चलाते हो। तुम्हारे किराए के गुंडे अभी भी घूम-घूमकर उन्हें धमका रहे हैं और पीट रहे हैं! ये गालियां तुमने खुद कमाई हैं, मेरे दोस्त।’ इस पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने आगे लिखा कि पेड स्टोरी-कैंपेन और इन्फ्लुएंसर कैंपेन चलाने से इंसान और भी दयनीय लगता है। सोशल मीडिया पर उनके इस बयान को फैंस का भारी समर्थन मिल रहा है और कई यूजर्स ने उनकी बेबाकी की तारीफ की है।
कंगना रनौत ने जेन-जी की भाषा और व्यवहार पर उठाए थे सवाल
विवाद की शुरुआत तब हुई जब कंगना रनौत ने प्रोटेस्ट से जुड़ी कुछ रील्स और वीडियो शेयर करते हुए अपना गुस्सा जाहिर किया था। एक्ट्रेस ने लिखा था कि उन्होंने अपनी जिंदगी में इतनी बदसूरती और अजीब भाषा कभी नहीं देखी। कंगना ने युवाओं के व्यवहार पर तंज कसते हुए उन्हें 'जेनरेशन गटर' करार दिया और कहा कि वे दुनिया के सामने अपनी गंदगी और बदसूरती ही परोस रहे हैं। उन्होंने यहां तक कह दिया कि इन रील्स को देखकर उन्हें उल्टी जैसी महसूस होती है और इसके लिए उन्हें डिजिटल डिटॉक्स की जरूरत है। बहरहाल, इस मुद्दे पर फिल्म इंडस्ट्री और सोशल मीडिया यूजर्स के बीच दो अलग-अलग धड़े बन गए हैं।