'अगर इन्होंने गलत तरीके से छुआ...', Lock Upp में राम कपूर की हरकतों पर बवाल, पत्नी गौतमी ने श्रेया कालरा से हाथ जोड़कर मांगी माफी
पॉपुलर रियलिटी शो 'लॉकअप' का लेटेस्ट एपिसोड भावनाओं और विवादों से भरा रहा। फैमिली वीक के तहत जेल में बंद कंटेस्टेंट्स का हौसला बढ़ाने उनके परिवार वाले और करीबी दोस्त पहुंचे। लेकिन सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं टीवी के मशहूर अभिनेता राम कपूर की पत्नी गौतमी कपूर ने। उन्होंने शो में आते ही राम कपूर के व्यवहार को लेकर उठे विवादों पर सीधा निशाना साधा और एक ऐसा कदम उठाया जिसने सबको हैरान कर दिया।
श्रेया कालरा के सामने गौतमी कपूर ने जोड़े हाथ
शो में आते ही गौतमी सबसे पहले अपने पति राम कपूर से मिलीं, लेकिन उसके बाद वह सीधे श्रेया कालरा के पास पहुंचीं। श्रेया के सामने हाथ जोड़कर गौतमी ने तंज भरे लहजे में कहा, "माता जी, अगर कुछ गलती हो गई हो तो मुझे माफ कर देना। अगर इन्होंने (राम कपूर) आपको गलत तरीके से छुआ हो या आप पर कुछ थूका हो, तो प्लीज मैं इनकी तरफ से आपसे माफी मांगती हूं।" गौतमी का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
'मैं गले लगाऊंगी तो कुछ बोलोगी तो नहीं...'
माफी मांगने के बाद गौतमी ने श्रेया को गले लगाया, लेकिन यहां भी उनका तंज जारी रहा। उन्होंने कहा कि अगर मैं आपको गले लगाऊंगी, तो आप कुछ बोलेंगी तो नहीं? सिर्फ श्रेया ही नहीं, गौतमी ने लॉकअप में मौजूद सभी महिला कंटेस्टेंट्स से माफी मांगी। उन्होंने राम का बचाव करते हुए कहा कि वह उन्हें डिफेंड नहीं कर रही हैं, लेकिन राम असल जिंदगी में एक 'टेडी बियर' की तरह हैं और उनका इरादा किसी को असहज करने का नहीं होता।
क्यों शुरू हुआ था राम कपूर पर विवाद?
दरअसल, यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ था जब लॉकअप की कुछ महिला कंटेस्टेंट्स ने राम कपूर के बार-बार गले लगने और माथे पर चूमने की आदत पर आपत्ति जताई थी। श्रेया कालरा ने साफ तौर पर कहा था कि राम के इस तरह छूने से उन्हें अनकंफर्टेबल महसूस होता है। उनके अलावा अपूर्वा ने भी इस बात पर गुस्सा जाहिर किया था कि वह बिना वजह किस क्यों करते रहते हैं। इसी मुद्दे का जवाब देने के लिए गौतमी ने यह तरीका अपनाया।
फैमिली वीक में इन कंटेस्टेंट्स का भी हुआ हंगामा
एपिसोड में सिर्फ राम कपूर का मुद्दा ही नहीं छाया रहा, बल्कि अन्य मेहमानों ने भी गेम का पारा चढ़ा दिया। श्रेया कालरा से मिलने उनके बॉयफ्रेंड ऋषभ आए थे, जिनकी कंटेस्टेंट योगेश के साथ तीखी बहस हो गई। ऋषभ के जाने के बाद श्रेया ने भी योगेश पर अपना गुस्सा निकाला। वहीं, शिल्पा शिंदे को सपोर्ट करने पहुंचे विकास गुप्ता ने उन्हें गेम को लेकर काफी खरी-खोटी सुनाई। इसके अलावा हर्षद से मिलने अर्जुन बिजलानी और आकांक्षा चमोला से मिलने नेहल चुडासमा आईं, जिससे शो में एक अलग ही माहौल देखने को मिला।