अर्जुन कपूर के जीजाजी रोहन ठक्कर कौन हैं? नेटवर्थ और प्रोफेशन जानकर रह जाएंगे हैरान

अर्जुन कपूर के जीजाजी रोहन ठक्कर कौन हैं? नेटवर्थ और प्रोफेशन जानकर रह जाएंगे हैरान

बॉलीवुड के मशहूर कपूर खानदान में इन दिनों खुशियों का माहौल है। जाने-माने फिल्म निर्माता बोनी कपूर और दिवंगत मोना कपूर की लाडली बेटी अंशुला कपूर हमेशा के लिए अपने लॉन्गटाइम बॉयफ्रेंड रोहन ठक्कर की हो गई हैं। दोनों की शादी की खूबसूरत तस्वीरें सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही हैं। कपूर फैमिली के दामाद को लेकर फैंस के मन में कई सवाल हैं। हर कोई जानना चाहता है कि अर्जुन कपूर के जीजाजी आखिर करते क्या हैं और उनकी नेटवर्थ कितनी है? आइए आपके इन सभी सवालों का जवाब देते हैं।

क्या करते हैं अर्जुन कपूर के जीजाजी रोहन ठक्कर

भले ही रोहन ठक्कर कैमरे की चकाचौंध से दूर रहना पसंद करते हैं, लेकिन उनका नाता भी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से ही है। रोहन पेशे से एक बेहतरीन स्क्रीनराइटर हैं। मौजूदा समय में वह करण जौहर की मशहूर डिजिटल कंटेंट कंपनी 'धर्माटिक एंटरटेनमेंट' (Dharmatic Entertainment) के साथ बतौर फ्रीलांस राइटर जुड़े हुए हैं। धर्माटिक के बैनर तले कई बड़े और हिट वेब शोज व डिजिटल प्रोजेक्ट्स बन चुके हैं। फिल्मों और वेब सीरीज की दुनिया में कदम रखने से पहले रोहन डिजिटल मीडिया और विज्ञापन (Ad) की फील्ड में भी अपना क्रिएटिव टैलेंट दिखा चुके हैं।

हॉलीवुड के नामी संस्थानों से की है पढ़ाई

कहानियां बुनने और उन्हें पर्दे पर उकेरने का हुनर रोहन ने दुनिया के टॉप संस्थानों से सीखा है। उन्होंने 'न्यूयॉर्क फिल्म एकेडमी' (NYFA) से स्क्रीनराइटिंग और प्लेराइटिंग में मास्टर डिग्री हासिल की है। इसके अलावा, रोहन ने 'कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी, लॉस एंजिल्स' (UCLA) से भी पढ़ाई की है। इसी मजबूत एजुकेशनल बैकग्राउंड ने उन्हें एक मंझा हुआ लेखक बनाया है।

कितनी है रोहन ठक्कर की नेटवर्थ?

रोहन ठक्कर ने भले ही पर्दे के पीछे रहकर काम किया हो, लेकिन उन्होंने अपनी शानदार पहचान और अच्छी खासी संपत्ति बनाई है। 'राइट रास्टा' की एक हालिया रिपोर्ट के अनुसार, रोहन ठक्कर की अनुमानित नेटवर्थ 1 मिलियन डॉलर यानी लगभग 8.5 करोड़ रुपये से अधिक है। उनकी इस कमाई का मुख्य जरिया स्क्रीनराइटिंग, बड़े प्रोडक्शन हाउस (जैसे धर्माटिक) के साथ उनके प्रोजेक्ट्स और डिजिटल स्पेस में उनका काम है।

पत्नी अंशुला कपूर भी किसी से नहीं हैं कम

रोहन ही नहीं, बल्कि अंशुला कपूर ने भी अपने परिवार के फिल्मी बैकग्राउंड से अलग हटकर अपनी एक स्वतंत्र पहचान बनाई है। अंशुला 'फैनकाइंड' (Fankind) नाम का एक बेहद अनोखा प्लेटफॉर्म चलाती हैं। यह प्लेटफॉर्म आम फैंस को उनके चहेते सेलेब्स से मिलने का मौका देता है और इससे होने वाली कमाई को चैरिटी व सामाजिक कार्यों में दान किया जाता है। इसके अलावा, अंशुला हाल ही में करण जौहर के चर्चित रियलिटी शो 'द ट्रेटर्स' (The Traitors) में भी नजर आई थीं, जिसमें उनके साथ उनकी चाची महीप कपूर भी बतौर कंटेस्टेंट शामिल थीं।