बेडरूम में भूलकर भी न करें ये गलतियां, वरना उड़ जाएगी रातों की नींद; जानें सुकूनभरी नींद के लिए कुछ आसान टिप्स
दिनभर की भागदौड़ और थकावट के बाद हर इंसान सुकून के दो पल चाहता है। बेडरूम हमारे घर का वह सबसे खास कोना होता है, जहां हम अपनी पूरी थकान मिटाकर अगले दिन के लिए खुद को तरोताजा करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि कई बार इसी बेडरूम का गलत रख-रखाव हमारी नींद और सेहत दोनों को बुरी तरह बिगाड़ देता है? चौंकाने वाली बात यह है कि इस समस्या के लिए कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि हमारी खुद की कुछ आदतें जिम्मेदार होती हैं। आइए जानते हैं कि बेडरूम में हमें कौन सी गलतियां करने से बचना चाहिए ताकि हम चैन की नींद सो सकें।
इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स से बनाएं दूरी, टूट सकता है स्लीप साइकिल
बेडरूम में की जाने वाली सबसे आम और बड़ी गलती है सोते समय इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स को अपने पास रखना। जब आप सोने की कोशिश कर रहे होते हैं और अचानक मोबाइल की रिंगटोन या नोटिफिकेशन बजता है, तो आपकी गहरी नींद अचानक टूट जाती है। अगर ऐसा बार-बार हो, तो इंसानी स्लीप साइकिल पूरी तरह प्रभावित हो जाता है। नींद अधूरी रहने के कारण सुबह सिरदर्द, चिड़चिड़ापन और लंबे समय में कई गंभीर मानसिक व शारीरिक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए सोने से कम से कम आधा घंटा पहले मोबाइल, लैपटॉप या टैबलेट को खुद से दूर रख दें।
एयर फ्रेशनर और गंदगी भी हैं अनिद्रा के बड़े कारण
कई लोग बेडरूम को महकाने के लिए तेज खुशबू वाले एयर फ्रेशनर या सेंटेड कैंडल्स का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, इन आर्टिफिशियल खुशबू वाली चीजों से सांस से जुड़ी बीमारियां और स्किन एलर्जी होने का खतरा रहता है, जो रात में आपकी बेचैनी बढ़ा सकती हैं। इसके अलावा, बेडरूम में गंदे कपड़े फैलाकर रखना या बाहर के जूते-चप्पल लेकर आना भी एक बड़ी गलती है। यह गंदगी न केवल कमरे की सकारात्मक ऊर्जा को खत्म करती है, बल्कि बैक्टीरिया और कीटाणुओं को भी निमंत्रण देती है, जिससे आपकी सेहत पर बुरा असर पड़ता है।
कैसा होना चाहिए एक परफेक्ट बेडरूम? स्लीप एक्सपर्ट्स की मानें
स्लीप रिसर्च और 'बेटरस्लीप' संस्था के अनुसार, एक आदर्श बेडरूम ऐसा होना चाहिए जहां कदम रखते ही आपको मानसिक शांति का अहसास हो। इसके लिए कुछ बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है:
-
बिस्तर का सही चुनाव: आपका बेड कमरे के साइज के हिसाब से बिल्कुल फिट होना चाहिए। अगर आपका गद्दा (मैट्रेस) आरामदायक नहीं है और सुबह उठने पर बदन दर्द होता है, तो उसे तुरंत बदलने की योजना बनाएं।
-
बेड का सही डायरेक्शन: बिस्तर को कमरे में ऐसी जगह लगाएं जहां से बाहर का व्यू या कमरा खुला-खुला नजर आए। इससे सुबह उठते ही आपको फ्रेश फील होगा।
-
कम सामान, ज्यादा सुकून: बेडरूम का लेआउट जितना हल्का और व्यवस्थित होगा, वहां उतनी ही अच्छी वेंटिलेशन (हवा का आना-जाना) होगी। कमरा बिखरा हुआ न होने से दिमाग को शांति मिलती है, जिससे चिंता और मानसिक दबाव कम होता है।