सिरदर्द या ब्रेन ट्यूमर? जानें वो शुरुआती संकेत जिन्हें लोग अक्सर छोड़ देते हैं मामूली थकान समझकर
भागदौड़ भरी जिंदगी में सिरदर्द होना एक बेहद आम समस्या है। अमूमन लोग इसे काम का तनाव, नींद की कमी, डिहाइड्रेशन या गैजेट्स के ज्यादा इस्तेमाल का नतीजा मानकर पेनकिलर खा लेते हैं। ज्यादातर मामलों में आराम करने से यह ठीक भी हो जाता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि हर सिरदर्द इतना साधारण नहीं होता? चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार, जब सिरदर्द अपना पैटर्न बदलने लगे और उसके साथ शरीर में कुछ अजीब बदलाव दिखने लगें, तो यह ब्रेन ट्यूमर जैसी गंभीर बीमारी का शुरुआती अलार्म हो सकता है।
क्या हर सिरदर्द ब्रेन ट्यूमर का संकेत है?
अक्सर लोगों के मन में यह डर होता है कि तेज सिरदर्द का मतलब ब्रेन ट्यूमर ही है, लेकिन डॉक्टरों ने इस धारणा को पूरी तरह खारिज किया है। न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. उज्ज्वल येओले के अनुसार, यह एक बहुत बड़ा भ्रम है कि ब्रेन ट्यूमर की शुरुआत हमेशा असहनीय सिरदर्द से ही होती है।
दरअसल, दिमाग का हर हिस्सा हमारे शरीर के अलग-अलग अंगों और गतिविधियों को नियंत्रित करता है। इसलिए ट्यूमर के लक्षण इस बात पर निर्भर करते हैं कि वह दिमाग के किस हिस्से में है, उसका आकार क्या है और वह कितनी तेजी से बढ़ रहा है। कई बार शुरुआत में सिरदर्द होता ही नहीं, बल्कि दूसरे न्यूरोलॉजिकल बदलाव देखने को मिलते हैं।
ब्रेन ट्यूमर के ये छिपे हुए लक्षण जानना है जरूरी
नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरोलॉजिकल डिसऑर्डर्स एंड स्ट्रोक की रिसर्च और डॉक्टरों के मुताबिक, सिरदर्द के अलावा भी कई ऐसे साइलेंट लक्षण हैं जिन पर नजर रखना बेहद जरूरी है:
-
व्यवहार और स्वभाव में बदलाव: मरीज में अचानक चिड़चिड़ापन बढ़ना, मूड स्विंग्स होना या सामाजिक दूरी बना लेना। कई बार इन बदलावों को परिवार के लोग मरीज से पहले नोटिस करते हैं।
-
याददाश्त कमजोर होना: हाल ही में हुई घटनाओं को भूल जाना, ध्यान केंद्रित करने में भारी परेशानी होना या रोजमर्रा के काम में भ्रमित होना।
-
संतुलन बिगड़ना (Balance Problems): चलते-चलते अचानक लड़खड़ा जाना या हाथ-पैरों में कमजोरी और सुन्नता महसूस होना।
-
विजन में दिक्कत: अचानक धुंधला दिखाई देना, चीजें डबल (Double Vision) नजर आना या आंखों के सामने अंधेरा छाना।
-
बोलने में कठिनाई: बातचीत करते समय सही शब्द न ढूंढ पाना या जुबान का लड़खड़ाना।
कब तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए?
विशेषज्ञों के मुताबिक, अगर आपको नीचे दी गई स्थितियों का सामना करना पड़ रहा है, तो बिना देरी किए न्यूरोलॉजिस्ट से जांच करानी चाहिए:
-
अगर सिरदर्द लगातार बना हुआ है और समय के साथ गंभीर होता जा रहा है।
-
ऐसा सिरदर्द जो आपको आधी रात को गहरी नींद से जगा दे।
-
सुबह उठते ही तेज सिरदर्द होना और उसके साथ उल्टी या जी मिचलाने की समस्या होना।
-
सिरदर्द के साथ अचानक दौरे (Seizures) पड़ना या बेहोशी आना।
ब्रेन ट्यूमर को पूरी तरह रोकने का कोई अचूक उपाय नहीं है, लेकिन सही समय पर लक्षणों की पहचान और आधुनिक चिकित्सा जांच (जैसे MRI या CT स्कैन) के जरिए इसका समय रहते इलाज संभव है। स्वास्थ्य के प्रति थोड़ी सी सतर्कता आपको बड़े खतरे से बचा सकती है।