बांकीपुर उपचुनाव: प्रशांत किशोर खुद उतरेंगे चुनावी दंगल में, नितिन नवीन की खाली सीट पर ठोकेंगे ताल
पटना। बिहार की सियासत से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। चुनावी रणनीतिकार के रूप में मशहूर जन सुराज पार्टी के सर्वेसर्वा प्रशांत किशोर (PK) अब खुद सीधे चुनावी मैदान में उतरने जा रहे हैं। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए जन सुराज पार्टी ने प्रशांत किशोर के नाम पर मुहर लगा दी है। रविवार को पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में यह बड़ा फैसला लिया गया।
नितिन नवीन के राज्यसभा जाने से खाली हुई सीट
यह सीट भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सांसद बनने के बाद खाली हुई है। प्रशांत किशोर इस समय लगातार बांकीपुर में कैंप कर रहे हैं और एनडीए (भाजपा) को हराने की पुरजोर अपील कर रहे हैं। इस बीच, कांग्रेस नेता ऋषि मिश्रा ने पीके को विपक्ष का एकजुट समर्थन देने की बात कहकर पटना के सियासी पारे को अचानक बढ़ा दिया है। दूसरी तरफ, बीजेपी प्रवक्ता कुंतल कृष्ण ने पलटवार करते हुए कहा कि इस चुनाव में पीके को अपनी असली राजनीतिक ताकत का अंदाजा हो जाएगा।
महावीर मंदिर में पूजा और रुद्राभिषेक
चुनावी शंखनाद और प्रेस कॉन्फ्रेंस के तुरंत बाद प्रशांत किशोर पूरी तरह से धार्मिक रंग में रंगे नजर आए। उन्होंने पटना जंक्शन स्थित प्रसिद्ध महावीर मंदिर जाकर बजरंगबली की पूजा-अर्चना की और उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे बोरिंग रोड चौराहा स्थित शिव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया।
पहली बार खुद किस्मत आजमाएंगे 'पीके'
अब तक पर्दे के पीछे रहकर देश की बड़ी-बड़ी राजनीतिक पार्टियों के लिए जीत की रणनीति बनाने वाले प्रशांत किशोर के जीवन का यह पहला चुनाव होगा, जहां वे खुद उम्मीदवार के तौर पर जनता के बीच जा रहे हैं। पीके की इस डायरेक्ट एंट्री ने बांकीपुर उपचुनाव को बेहद दिलचस्प और त्रिकोणीय बना दिया है। बता दें कि इस सीट पर सबसे पहले तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल (JJD) ने सामाजिक कार्यकर्ता वीणा मानवी को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।
30 जुलाई को मतदान, 3 अगस्त को आएंगे नतीजे
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव का पूरा शेड्यूल जारी हो चुका है। इसके तहत 6 जुलाई से नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी, जो 13 जुलाई तक चलेगी। 14 जुलाई को नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी (जांच) की जाएगी, जबकि 16 जुलाई तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। बांकीपुर में 30 जुलाई को वोट डाले जाएंगे और 3 अगस्त को मतों की गिनती के साथ ही परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।