'कड़वी स्मूदी' और सीक्रेट गर्लफ्रेंड, अमेरिका में कैसे पकड़ा गया पत्नी की जान लेने वाला शातिर सॉफ्टवेयर इंजीनियर?

'कड़वी स्मूदी' और सीक्रेट गर्लफ्रेंड, अमेरिका में कैसे पकड़ा गया पत्नी की जान लेने वाला शातिर सॉफ्टवेयर इंजीनियर?

"सर जल्दी यहां आइए… मेरी पत्नी बाथरूम में बंद है और दरवाजा अंदर से लॉक है, वह कोई जवाब नहीं दे रही!" 27 अक्टूबर 2025 को अमेरिका की बेलेव्यू पुलिस के पास एक घबराए हुए पति का फोन आता है। पुलिस फौरन मौके पर पहुंचती है और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल होती है। बाथरूम के फर्श पर 27 वर्षीय भारतीय महिला रजिता सबिनिनी की लाश पड़ी मिलती है। पति अविनाश नार्ने घुटनों के बल बैठकर अपनी पत्नी की मौत पर आंसू बहा रहा होता है।

शुरुआती हालात को देखकर पुलिस को भी यह आत्महत्या (Suicide) का सीधा मामला लगता है और केस की फाइल बंद होने ही वाली होती है। लेकिन इसके बाद अमेरिकी जांच एजेंसियों के सामने जो डिजिटल सबूत आए, उसने इस कथित सुसाइड मिस्ट्री को एक खौफनाक और सोची-समझी हत्या (Pre-planned Murder) में बदल दिया। पत्नी की मौत पर घड़ियाली आंसू बहाने वाला सॉफ्टवेयर इंजीनियर अविनाश ही अपनी पत्नी का असली कातिल निकला।

'कफ सिरप' जैसी कड़वी स्मूदी ने खोला हत्या का सबसे बड़ा राज

मूल रूप से तेलंगाना के हैदराबाद का रहने वाला अविनाश नार्ने पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। रजिता के साथ उसकी अरेंज मैरिज हुई थी, जिसके बाद दोनों अमेरिका (US) शिफ्ट हो गए थे। पुलिस जांच में जो सबसे पहला और पुख्ता सुराग हाथ लगा, वह था रजिता का मोबाइल फोन।

मौत से कुछ दिन पहले की चैट खंगालने पर पता चला कि रजिता ने अपने पति अविनाश को कई व्हाट्सएप मैसेज किए थे। रजिता ने लिखा था कि जो स्मूदी (Health Smoothie) अविनाश रोज सुबह बड़े प्यार से उसके लिए बनाता है, उसका स्वाद बहुत अजीब और 'कड़वा' होता है। मौत वाले दिन भी रजिता ने आखिरी मैसेज में लिखा था कि आज की स्मूदी का स्वाद बिल्कुल किसी 'दवा' या 'कफ सिरप' जैसा लग रहा है। इस मैसेज ने पुलिस का माथा ठनका दिया। जब अविनाश के लैपटॉप और मोबाइल की फॉरेंसिक जांच हुई, तो पता चला कि उसने इंटरनेट पर 'जहर' (Poison) और उसे शरीर में देने के तरीकों को लेकर कई बार सर्च किया था। वह धीरे-धीरे पत्नी को स्मूदी में जहर दे रहा था।

स्मार्ट लॉक और घर के डिजिटल डेटा ने पकड़ी कातिल पति की चोरी

अविनाश ने पुलिस को गुमराह करने के लिए कहानी गढ़ी थी कि वह कुछ देर के लिए घर के काम से बाहर गया था और जब वापस लौटा तो रजिता बाथरूम में बंद थी। लेकिन अमेरिकी पुलिस ने जब घर के मुख्य दरवाजे पर लगे हाई-टेक 'स्मार्ट लॉक' (Smart Lock) और घर के वाई-फाई सिक्योरिटी डेटा की बारीकी से स्क्रूटनी की, तो अविनाश का यह झूठ पूरी तरह पकड़ा गया।

डिजिटल डेटा के टाइमस्टैम्प से साफ था कि अविनाश के घर से निकलने और वापस आने के बीच की अवधि में घर के भीतर न तो कोई आया था और न ही कोई बाहर गया था। इसका मतलब साफ था कि घर के अंदर कोई बाहरी हमलावर दाखिल नहीं हुआ था और इस मर्डर को अंजाम देने वाला शख्स घर के भीतर ही मौजूद था।

सीक्रेट गर्लफ्रेंड का चक्कर और पत्नी की लाश की तस्वीर का खौफनाक सच

जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, अविनाश नार्ने की एक और घिनौनी और काली सच्चाई दुनिया के सामने आई। हैदराबाद के सिकंदराबाद का रहने वाला यह टेक प्रोफेशनल शादी से बहुत पहले से भारत में ही रहने वाली एक दूसरी लड़की के साथ बेहद गंभीर रिलेशनशिप में था। चौंकाने वाली बात यह है कि रजिता के साथ शादी तय होने और विवाह संपन्न होने के बाद भी वह अपनी उस सीक्रेट गर्लफ्रेंड के लगातार संपर्क में था। वह गर्लफ्रेंड उसकी शादी के फंक्शन में भी मेहमान बनकर शामिल हुई थी।

अविनाश की क्रूरता और सनकीपन का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि हत्या वाले दिन, जब वह बाहर पुलिस को बुलाकर बाथरूम का दरवाजा तोड़ने का नाटक कर रहा था और खुद को बेकसूर दिखा रहा था, ठीक उसी समय वह अपने फोन पर इंडिया में मौजूद अपनी प्रेमिका से लगातार चैटिंग कर रहा था। उसने अपनी मृत पत्नी रजिता की लाश की एक तस्वीर भी खींचकर अपनी गर्लफ्रेंड को व्हाट्सएप पर भेज दी थी और लिखा था कि उसने अपने रास्ते का रोड़ा हमेशा के लिए हटा दिया है। बेलेव्यू पुलिस ने इन तमाम पुख्ता डिजिटल और फॉरेंसिक सबूतों के आधार पर अविनाश नार्ने को धर दबोचा है। अमेरिकी अदालत में उस पर 'फर्स्ट-डिग्री मर्डर' के कड़े आरोप तय किए गए हैं, जिसमें दोषी पाए जाने पर उसे बिना पैरोल के पूरी जिंदगी जेल (उम्रकैद) में बितानी होगी।

Latest Posts