ODI विश्व कप के नए फॉर्मेट पर भड़के एसोसिएट देश, कप्तानों ने ICC को घेरा; कहा- 'सिर्फ 2 मैच खिलाकर बाहर करना नाइंसाफी'
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) द्वारा अगले साल यानी 2027 में होने वाले 50 ओवर के वनडे विश्व कप के फॉर्मेट में अचानक किए गए बदलावों ने एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की सह-मेजबानी में होने वाले इस टूर्नामेंट के नए नियम से एसोसिएट देशों के खिलाड़ी बेहद नाराज और हैरान हैं। नए नियम के मुताबिक, सबसे निचली रैंकिंग वाली टीमों को शुरुआत में ही 'सुपर सीरीज' खेलनी होगी, जिससे दो टीमें महज 2 मैच खेलकर ही विश्व कप से बाहर हो जाएंगी।
नीदरलैंड्स और नामीबिया के कप्तानों ने जताई गहरी निराशा
विश्व क्रिकेट खिलाड़ियों के संगठन (WCA) के जरिए नीदरलैंड्स के कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने आईसीसी पर निशाना साधते हुए कहा, "किसी भी देश के लिए वनडे विश्व कप में पहुंचना एक बहुत बड़ी उपलब्धि होती है। सालों की कड़ी मेहनत के बाद अगर मुख्य मंच पर मिलने वाले अवसर को इस तरह बदल दिया जाए, तो यह बेहद निराशाजनक है।"
वहीं, नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा, "हमारे लिए वनडे विश्व कप सिर्फ एक टूर्नामेंट नहीं है, बल्कि इसी के इर्द-गिर्द खिलाड़ियों के करियर बनते हैं और आने वाली पीढ़ियां सपने देखती हैं। हम मानते हैं कि विश्व कप में जगह कमानी पड़ती है, लेकिन क्वालिफाई करने के बाद हमें बड़े मंच पर प्रतिस्पर्धा करने का पूरा और वास्तविक मौका भी मिलना चाहिए।"
स्कॉटलैंड और आयरलैंड के कप्तानों ने उठाए सवाल
स्कॉटलैंड के कप्तान रिची बेरिंगटन ने आईसीसी की निर्णय प्रक्रिया पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि खिलाड़ियों के करियर पर असर डालने वाले इतने बड़े फैसलों से पहले उनसे कोई सलाह-मशविरा नहीं किया गया। दुनिया की 12वीं रैंकिंग वाली आयरलैंड टीम के कप्तान पॉल स्टर्लिंग ने फीफा (FIFA) विश्व कप का उदाहरण देते हुए कहा, "48 टीमों वाले फीफा वर्ल्ड कप ने दिखाया है कि छोटे देश भी वैश्विक टूर्नामेंट्स में कितना आकर्षण जोड़ सकते हैं। क्रिकेट को भी वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ने के लिए ऐसा ही रास्ता अपनाना चाहिए।"
15 महीने पहले बदला नियम, WCA ने कहा- पारदर्शिता की कमी
आईसीसी ने जब 5 साल पहले 14 टीमों के विश्व कप की घोषणा की थी, तब 7-7 टीमों के दो ग्रुप और फिर 'सुपर सिक्स' चरण का प्रस्ताव था। सभी टीमों ने इसी आधार पर तैयारी की थी, लेकिन टूर्नामेंट से महज 15 महीने पहले आईसीसी ने नियमों को बदल दिया। डब्ल्यूसीए (WCA) के सीईओ टॉम मॉफैट ने कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि आईसीसी के "क्रिकेट को वैश्विक स्तर पर बढ़ाने" के दावों और इस नए फॉर्मेट के बीच कोई तालमेल नहीं दिखता। 8 एसोसिएट टीमें लीग-2 में 36-36 मैच खेलकर क्वालिफायर की तैयारी कर रही हैं, लेकिन इस नए नियम ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।