लगातार दूसरी बार IPL चैंपियन बनने के बाद भी RCB नहीं निकालेगी विजय परेड, फैंस को मिला बेहद चौंकाने वाला संदेश
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के महामुकाबले में गुजरात टाइटन्स (GT) को धूल चटाकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया है। पूरे सीजन में आरसीबी को हराना नामुमकिन सा लग रहा था और उन्होंने उम्मीदों पर खरा उतरते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। लेकिन, इस ऐतिहासिक जीत के जश्न के बीच आरसीबी फ्रेंचाइजी ने अपने करोड़ों प्रशंसकों को एक ऐसा संदेश भेजा है, जिसने सबको हैरान कर दिया है। बेंगलुरु की इस बैक-टू-बैक खिताबी जीत के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या टीम इस बार अपनी पारंपरिक विजय परेड नहीं निकालेगी?
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस सांसें रोक देने वाले फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटन्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी के सामने 155 रनों का औसत लक्ष्य रखा था। बेंगलुरु ने इस लक्ष्य का पीछा करते हुए जीटी को पांच विकेट से करारी शिकस्त दी और रविवार की रात को इतिहास के पन्नों में दर्ज करा दिया। ग्रुप स्टेज में टॉप पर रहने वाली बेंगलुरु की टीम इस पूरे टूर्नामेंट में सबसे मजबूत और ट्रेंडसेटर बनकर उभरी। उन्होंने पहले क्वालीफायर 1 में 254/5 का विशाल स्कोर बनाकर जीटी को रौंदा था और फिर फाइनल में अपने गेंदबाजों के दम पर खिताबी जंग जीत ली। खिताब जीतने के बाद मैदान पर आंसुओं, जज्बातों और जश्न का सैलाब उमड़ पड़ा। खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ ने चमचमाती ट्रॉफी के साथ मैदान के चक्कर लगाए और अपने वफादार प्रशंसकों का आभार व्यक्त किया।
फ्रेंचाइजी की फैंस से बड़ी अपील, घर पर ही रहकर मनाएं जश्न
खिताब जीतने की खुमारी के बीच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया पर प्रशंसकों के लिए एक बेहद जरूरी और सावधानी से भरा संदेश जारी किया है। इस संदेश में फ्रेंचाइजी ने प्रशंसकों से अपने घरों में आराम से बैठकर जीत का लुत्फ उठाने का आग्रह किया है। आरसीबी के इस पोस्ट से साफ संकेत मिल रहे हैं कि इस साल कोई भव्य विजय परेड आयोजित करने की योजना नहीं है। फ्रेंचाइजी का यह कड़ा फैसला पिछले साल के कड़वे अनुभव से जुड़ा हुआ है। याद दिला दें कि जब आरसीबी ने आईपीएल 2025 का अपना पहला खिताब जीता था, तो उसके अगले ही दिन एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर उमड़ी भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई थी, जिसमें 11 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी थी। फ्रेंचाइजी इस बार वैसी किसी भी अप्रिय घटना को दोबारा नहीं दोहराना चाहती।
आरसीबी ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "क्या शानदार रात थी! क्या अद्भुत एहसास था! आरसीबी के सभी प्रशंसकों को बधाई। यह आपकी जीत है। जश्न शुरू होते ही, आइए जिम्मेदारी से काम लें। जश्न मनाने का सबसे अच्छा तरीका अपनों के साथ है। पुरानी यादों को ताजा करें और घर बैठे इस खास पल का आनंद लें। अगले साल स्टेडियम में मिलेंगे, 12वीं मैन आर्मी। तब तक, इस खुशी को फैलाते रहें और हमारा समर्थन करते रहें।" फ्रेंचाइजी का यह भावुक और जिम्मेदार संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश में आरसीबी की जीत के बाद भारी बवाल और तोड़फोड़
आरसीबी की इस ऐतिहासिक जीत का जश्न कर्नाटक के पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश में अचानक हिंसक और अराजक रूप ले बैठा। मैच खत्म होते ही सैकड़ों उत्साही क्रिकेट फैंस हाथों में आरसीबी के झंडे और बैनर लेकर सड़कों पर उतर आए। शुरुआत में सब कुछ ठीक था, लेकिन राजू विहार सेंटर के पास जश्न मना रही भीड़ ने अचानक मुख्य सड़क का यातायात पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे राहगीरों के बीच दहशत फैल गई और भारी अव्यवस्था पैदा हो गई।
यह हंगामा तब और ज्यादा बढ़ गया जब भीड़ में शामिल कुछ हुड़दंगियों ने सड़क किनारे खड़ी एक निजी बस को जबरन रोक लिया। उपद्रवियों ने बस पर पथराव शुरू कर दिया और उसकी खिड़कियों के कांच चकनाचूर कर दिए, जिससे बस को भारी नुकसान पहुंचा। अचानक भड़की इस हिंसा के कारण बस के अंदर बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और वे बुरी तरह डर गए। स्थानीय पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है और हुड़दंगियों की पहचान की जा रही है। इन्हीं सब घटनाओं को देखते हुए आरसीबी प्रबंधन ने अपने फैंस से शांतिपूर्ण और जिम्मेदार तरीके से केवल घरों में जश्न मनाने की अपील की है।