FIFA World Cup 2026 Broadcast: भारतीय फुटबॉल फैंस का इंतजार खत्म! भारत में लाइव दिखेगा फीफा विश्व कप, प्रसारण अधिकारों पर आखिरकार बन गई बात

FIFA World Cup 2026 Broadcast: भारतीय फुटबॉल फैंस का इंतजार खत्म! भारत में लाइव दिखेगा फीफा विश्व कप, प्रसारण अधिकारों पर आखिरकार बन गई बात

भारत के करोड़ों फुटबॉल प्रेमियों के लिए एक बेहद बड़ी और राहत देने वाली खबर सामने आई है। आगामी फीफा विश्व कप 2026 के भारत में लाइव प्रसारण को लेकर महीनों से चल रहा सस्पेंस और अनिश्चितता का माहौल अब पूरी तरह खत्म हो गया है। ताजा मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फीफा के आला अधिकारियों और भारतीय प्रसारकों के बीच ब्रॉडकास्टिंग राइट्स (प्रसारण अधिकार) को लेकर चल रही लंबी बातचीत आखिरकार सफल रही है और दोनों पक्षों ने मीडिया अधिकार समझौते पर अपनी सहमति जता दी है। इस बड़ी डील के फाइनल होने के बाद अब यह पूरी तरह साफ हो गया है कि भारतीय फैंस बिना किसी रुकावट के दुनिया के सबसे बड़े फुटबॉल महाकुंभ का आनंद अपने टीवी और मोबाइल स्क्रीन पर ले सकेंगे।

करोड़ों की भारी-भरकम मांग के कारण फंसा था पेंच, जानिए क्यों कतरा रही थीं भारतीय कंपनियां

इस ऐतिहासिक समझौते के पीछे की कहानी काफी उतार-चढ़ाव भरी रही है। सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार शाम को फीफा की एक हाई-लेवल टीम विशेष रूप से प्रसारण अधिकारों के सौदे को अंतिम रूप देने के लिए भारत पहुंची थी। दरअसल, शुरुआत में फीफा ने भारत के लिए मीडिया राइट्स की कीमत 100 मिलियन अमेरिकी डॉलर (करीब 830 करोड़ रुपये) से ज्यादा रखी थी, जिसे किसी भी भारतीय ब्रॉडकास्टिंग कंपनी ने खरीदने में दिलचस्पी नहीं दिखाई। इसके बाद फीफा ने अपनी मांग को घटाकर 35 मिलियन अमेरिकी डॉलर भी किया, लेकिन बात फिर भी नहीं बन पाई। भारतीय कंपनियों को सबसे बड़ी चिंता मैचों के समय को लेकर थी। अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में होने वाले इस विश्व कप के मैच भारतीय समयानुसार देर रात या तड़के खेले जाने हैं, जिसकी वजह से कंपनियों को डर था कि उन्हें बड़े प्रायोजक (Sponsors) और विज्ञापनदाता मिलने में भारी मुश्किल हो सकती है।

एआईएफएफ के पूर्व सचिव शाजी प्रभाकरन ने सोशल मीडिया पर दी गुड न्यूज़, अगले हफ्ते होगा बड़ा एलान

इस पूरे विवाद के बीच, अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) के पूर्व महासचिव शाजी प्रभाकरन ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पहले ट्विटर) पर एक पोस्ट शेयर कर फैंस को झूमने का मौका दे दिया। उन्होंने साफ संकेत दिया कि प्रसारण का मामला अब पूरी तरह सुलझ चुका है। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, "आखिरकार इंतजार खत्म हुआ। बातचीत पूरी हो चुकी है और अगले हफ्ते भारत में फीफा विश्व कप 2026 के आधिकारिक प्रसारण साझेदार की घोषणा होने की पूरी उम्मीद है। महीनों की अनिश्चितता के बाद, प्रशंसक आखिरकार राहत की सांस ले सकते हैं। भारत में विश्व कप अब पूरी तरह से सुलभ होगा। इतिहास के सबसे बड़े विश्व कप के लिए तैयार हो जाइए!"

डीडी स्पोर्ट्स ने खींचे अपने हाथ, प्रसार भारती ने कोर्ट में दी थी ये सफाई

इस रेस से सरकारी चांलो की दूरी ने भी फैंस की धड़कनें बढ़ा दी थीं। इसी महीने की शुरुआत में, प्रसार भारती ने दिल्ली उच्च न्यायालय के समक्ष यह पूरी तरह स्पष्ट कर दिया था कि इस मेगा टूर्नामेंट के मीडिया अधिकार प्राप्त करने की दौड़ में उनकी कोई भूमिका नहीं है। डीडी स्पोर्ट्स (DD Sports) द्वारा बोली लगाने से इनकार करने के बाद खेल प्रेमियों के बीच यह संदेह और गहरा गया था कि यदि कोई निजी कंपनी आगे नहीं आई, तो क्या भारत में विश्व कप का ब्लैकआउट हो जाएगा। हालांकि, एआईएफएफ के उप महासचिव एम सत्यनारायण ने हाल ही में कहा था कि वैश्विक फुटबॉल बाजार में भारत के वाणिज्यिक और व्यावसायिक महत्व को देखते हुए कोई भी बड़ा टूर्नामेंट भारत को नजरअंदाज नहीं कर सकता।

इस बड़ी मीडिया कंपनी का नाम आ रहा है सबसे आगे, जल्द हटेगा सस्पेंस

फुटबॉल गलियारों और मीडिया गलियारों में चल रही खबरों की मानें तो इस समय भारत की दिग्गज एंटरटेनमेंट कंपनी 'ज़ी' (Zee Network) फीफा विश्व कप 2026 के मीडिया अधिकार हासिल करने की रेस में सबसे आगे चल रही है। माना जा रहा है कि ज़ी नेटवर्क ने ही फीफा के साथ इस बड़ी डील को लॉक किया है। हालांकि, अभी तक ज़ी या फीफा की तरफ से इस पर कोई आधिकारिक मुहर नहीं लगाई गई है। फैंस को अब अगले हफ्ते होने वाली उस औपचारिक घोषणा का इंतजार है, जिसके बाद यह पूरी तरह साफ हो जाएगा कि मैच किस चैनल और किस ओटीटी प्लेटफॉर्म पर लाइव स्ट्रीम किए जाएंगे।

 

 

Tags: