IPL 2026 Playoffs Scenario: लगातार 6 हार के बाद भी पंजाब किंग्स कैसे पहुंच सकती है प्लेऑफ में? समझिए पूरा 'करो या मरो' का गणित
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के सीजन में शुरुआत में लगातार सात मैच जीतकर तहलका मचाने वाली पंजाब किंग्स (PBKS) आज एक बेहद नाजुक मोड़ पर खड़ी है। जो टीम खिताब की सबसे बड़ी दावेदार मानी जा रही थी, वह लगातार छह मैच हारने के बाद अब प्लेऑफ की रेस से बाहर होने की कगार पर है। लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ होने वाला अगला मुकाबला पंजाब के लिए 'करो या मरो' का फाइनल टिकट जैसा है। हालांकि, इस मैच को जीतने के बाद भी पंजाब की किस्मत सिर्फ उसके अपने हाथ में नहीं होगी, बल्कि उसे दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा।
पंजाब किंग्स के पास साख बचाने का आखिरी मौका
टूर्नामेंट के शुरुआती हाफ में अजेय रहने वाली पंजाब किंग्स का ग्राफ इतनी तेजी से गिरेगा, इसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी। 13 मैचों के बाद टीम के पास केवल 13 अंक हैं और वह अंक तालिका में शीर्ष से खिसककर पांचवें स्थान पर आ गई है। अब लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले मुकाबले में पंजाब को न सिर्फ हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी, बल्कि दुआ करनी होगी कि किस्मत भी उनका साथ दे।
क्या है अंक तालिका का पूरा समीकरण और RR-MI मैच का कनेक्शन?
पंजाब किंग्स इस समय 13 अंकों के साथ पांचवें पायदान पर है, जो राजस्थान रॉयल्स (RR) से ठीक एक पायदान नीचे है। राजस्थान के पास 13 मैचों में 14 अंक हैं। अगर पंजाब किंग्स अपने आखिरी लीग मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स को हरा देती है, तो वह अस्थाई रूप से राजस्थान रॉयल्स को पछाड़कर चौथे स्थान पर कब्जा कर लेगी। इसके बाद पंजाब की पूरी उम्मीदें मुंबई इंडियंस (MI) पर टिक जाएंगी। पंजाब को प्रार्थना करनी होगी कि मुंबई इंडियंस अपने आखिरी मैच में राजस्थान रॉयल्स को हरा दे। अगर पंजाब जीतती है और राजस्थान हारती है, तभी पंजाब के आगे बढ़ने का रास्ता साफ होगा।
केकेआर और दिल्ली कैपिटल्स का मुकाबला बढ़ाएगा धड़कनें, नेट रन रेट का पेंच फंसा
इस पूरी कहानी में केवल राजस्थान रॉयल्स ही नहीं, बल्कि कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) भी पंजाब का खेल बिगाड़ सकती है। अगर पंजाब अपना मैच जीत जाती है और राजस्थान हार जाती है, तब भी नेट रन रेट (NRR) का एक बड़ा पेंच फंसेगा। मान लीजिए पंजाब किंग्स लखनऊ से केवल 1 रन के अंतर से जीतती है, और दूसरी तरफ केकेआर दिल्ली कैपिटल्स को 52 या उससे अधिक रनों के बड़े अंतर से हरा देती है, तो बेहतर रन रेट के आधार पर केकेआर प्लेऑफ में चली जाएगी और पंजाब बाहर हो जाएगी। वहीं अगर पंजाब 10 रनों के अंतर से जीत दर्ज करती है, तो केकेआर को आगे निकलने के लिए दिल्ली को कम से कम 61 रनों से शिकस्त देनी होगी।
'करो या मरो' के मुकाबले से पहले रिकी पोंटिंग का बड़ा बयान
लगातार छह हार से मिले झटके के बावजूद पंजाब किंग्स के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग का हौसला डगमगाया नहीं है। मैच से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पोंटिंग ने कहा कि इस बात में कोई शक नहीं है कि हमारे लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा है। उन्होंने कहा कि मैं कल के मैच को लेकर बेहद उत्साहित हूं और मुझे अपनी टीम की क्षमताओं पर पूरा भरोसा है। सीजन के पहले सात मैचों में दुनिया देख चुकी है कि यह टीम जब अपने रंग में होती है तो क्या कर सकती है।