'चयनकर्ताओं ने गलती की', विराट कोहली के टेस्ट संन्यास पर खुलकर बोले पूर्व दिग्गज मदन लाल
टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर मदन लाल ने विराट कोहली के अचानक टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने पर बड़ा बयान दिया है। उनका मानना है कि विराट टेस्ट प्रारूप से काफी जल्दी रिटायर हो गए और भारतीय चयनकर्ताओं ने उन्हें कप्तानी से हटाकर बहुत बड़ी गलती की।
'दो-तीन साल और कप्तानी कर सकते थे कोहली'
मदन लाल के अनुसार, विराट में अभी 2-3 साल की कप्तानी और काफी टेस्ट क्रिकेट बाकी था। उन्होंने टीम में आक्रामकता लाकर जीतना सिखाया। मदन लाल ने इशारा किया कि उस समय चयनकर्ताओं और कोहली के बीच कोई कम्युनिकेशन गैप रहा होगा, वरना उन्हें कप्तान बनाए रखना चाहिए था।
खेल की समझ में विराट का कोई जवाब नहीं
विराट की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि कोहली सबसे समझदार क्रिकेटरों में से एक हैं। वे परिस्थितियों को पढ़कर खेलना जानते हैं। हालांकि, विराट कोहली ने हाल ही में एक कार्यक्रम में साफ कर दिया है कि वे टेस्ट क्रिकेट से आगे बढ़ चुके हैं और वापसी का कोई इरादा नहीं है।