बाबा विश्वनाथ के दरबार पहुंचे निशांत कुमार, बोले- 2027 में फिर CM बनें योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां समय से पहले ही तेज होने लगी हैं। बिहार में सत्ताधारी जनता दल (यूनाइटेड) के उत्तर प्रदेश के चुनावी समर में ताल ठोकने और सक्रिय होने की तेज चर्चाओं के बीच बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार धर्मनगरी काशी पहुंचे। वाराणसी पहुंचते ही निशांत कुमार ने सबसे पहले श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और काल भैरव मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर बाबा का आशीर्वाद लिया। दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने न केवल उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर एनडीए (NDA) की रणनीति के संकेत दिए, बल्कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की खुलकर तारीफ करते हुए उन्हें फिर से यूपी की कमान सौंपने की पुरजोर वकालत की। उनके इस बयान ने उत्तर प्रदेश और बिहार दोनों राज्यों के सियासी गलियारों में नई बहस छेड़ दी है।
बाबा विश्वनाथ के दरबार में टेका माथा, बोले- सिर्फ आशीर्वाद लेने आया हूं
काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के बाद निशांत कुमार ने अपने इस दौरे को बेहद निजी और सौभाग्यशाली बताया। उन्होंने कहा कि वह बहुत लंबे अरसे के बाद काशी की पवित्र धरती पर आए हैं। निशांत कुमार ने कहा, "मैं बहुत दिनों के बाद वाराणसी आया हूं। इससे पहले मैं बचपन में यहां आया था। मेरा परम सौभाग्य है कि मुझे बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने और उनका आशीर्वाद लेने का अवसर मिला। मैं यहां सिर्फ और सिर्फ बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करने आया हूं"। हालांकि, उनके इस धार्मिक दौरे को केवल आस्था तक सीमित नहीं देखा जा रहा है, क्योंकि जिस समय वह वाराणसी पहुंचे हैं, उसी समय जदयू पूर्वांचल में अपना सांगठनिक विस्तार करने की आक्रामक रणनीति पर काम कर रही है।
योगी आदित्यनाथ को फिर से मुख्यमंत्री बनाएं: निशांत कुमार
वाराणसी में पत्रकारों द्वारा आगामी यूपी विधानसभा चुनाव और जेडीयू की भूमिका पर पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए निशांत कुमार ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की एकजुटता पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हमारी पूरी कोशिश होगी कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भी एनडीए भारी बहुमत के साथ सत्ता में लौटे। निशांत कुमार ने उत्तर प्रदेश की जनता से सीधे अपील करते हुए कहा, "मैं राज्य की जनता से अपील करता हूं कि वे विकास की निरंतरता बनाए रखने के लिए एक बार फिर योगी आदित्यनाथ को ही उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाएं"। उन्होंने जोर देकर कहा कि यूपी देश का सबसे बड़ा राज्य है और यहां विकास कार्यों को जिस रफ्तार से आगे बढ़ाया गया है, उसे निर्बाध जारी रखने के लिए योगी सरकार की वापसी जरूरी है।
यूपी की 40 से 60 सीटों पर जदयू की नजर, 25 अक्टूबर को वाराणसी में महासम्मेलन
निशांत कुमार का यह वाराणसी दौरा ऐसे समय में हुआ है जब राजनीतिक हलकों में जदयू द्वारा उत्तर प्रदेश में 40 से 60 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारियां करने की खबरें लगातार सुर्खियों में हैं। राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, जेडीयू आगामी 25 अक्टूबर को वाराणसी में एक बड़े राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन और जनसभा की तैयारी कर रही है। इस कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और निशांत कुमार के साथ-साथ यूपी व बिहार के कई दिग्गज नेता मंच साझा करेंगे। हालांकि साल 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जदयू ने 27 सीटों पर अकेले अपने उम्मीदवार उतारे थे, जहां उसे सफलता नहीं मिल पाई थी। लेकिन इस बार पार्टी बिहार की अपनी संगठनात्मक ताकत और कुर्मी-पटेल बहुल पूर्वांचल की सीटों के सहारे एनडीए गठबंधन के भीतर रहकर सम्मानजनक सीटों पर चुनाव लड़ने का खाका तैयार कर रही है।