आज दिल्ली-मुंबई समेत 15 राज्यों में मूसलाधार बारिश के आसार; जानिए कहां के लिए जारी हुआ रेड अलर्ट
देशभर में मॉनसून पूरी तरह से रफ्तार पकड़ चुका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार, 3 जुलाई के लिए ताजा वेदर बुलेटिन जारी करते हुए देश के 15 से अधिक राज्यों में भारी से अत्यंत भारी बारिश का अनुमान जताया है। दिल्ली-एनसीआर में जहां सुबह की शुरुआत सुहावने मौसम और हल्की फुहारों के साथ हुई है, वहीं देश के कई हिस्सों में आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।
बंगाल की खाड़ी में साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय, ट्रफ लाइन का असर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस समय पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी ओडिशा तट पर एक मजबूत साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र) सक्रिय है। इसके प्रभाव से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र (Low Pressure Area) बन गया है, जो अगले 2-3 दिनों में और मजबूत होगा। इसके साथ ही एक मॉनसूनी ट्रफ लाइन उत्तर-पश्चिम राजस्थान से शुरू होकर दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ से गुजरते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैली है। इसी दोहरी मौसमी प्रणाली के कारण आधे से ज्यादा भारत में मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हुआ है।
इन राज्यों के लिए 'रेड और ऑरेंज' अलर्ट जारी
आईएमडी ने मौसम की गंभीरता को देखते हुए कई राज्यों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है:
-
रेड अलर्ट (Red Alert): ओडिशा, गुजरात, पश्चिमी मध्य प्रदेश और कोंकण क्षेत्र के लिए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। यहां अत्यंत भारी बारिश के चलते जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो सकती है।
-
ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert): मायानगरी मुंबई और दक्षिण गुजरात के इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मुंबई में भारी बारिश का सिलसिला आज भी जारी रहेगा। मध्य महाराष्ट्र के पहाड़ी इलाकों में 3 से 5 जुलाई के बीच अत्यंत भारी बारिश की आशंका है।
दिल्ली-एनसीआर: छाए रहेंगे बादल, सामान्य से कम रहेगा तापमान
दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों (नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद) में आज का मौसम बेहद सुहावना बना रहेगा। आसमान में दिनभर घने बादल छाए रहेंगे।
-
बारिश का अनुमान: सुबह और दोपहर से पहले एक या दो दौर की हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
-
हवा की रफ्तार: इस दौरान 30-40 किमी/घंटे (झोंकों के साथ 50 किमी/घंटे तक) की रफ्तार से तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बिजली कड़कने के आसार हैं।
-
तापमान: शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 30°C से 32°C और न्यूनतम तापमान 20°C से 22°C के बीच रहने की उम्मीद है, जो इस सीजन के सामान्य तापमान से काफी कम है।
यूपी और बिहार में गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी
-
उत्तर प्रदेश: पूर्वी और पश्चिमी दोनों उत्तर प्रदेश में छिटपुट से लेकर कई स्थानों पर अच्छी बारिश होगी। कुछ जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा और बिजली गिरने (Lightning) की गंभीर चेतावनी दी गई है।
-
बिहार: बिहार के कई हिस्सों में आज हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं, जबकि कुछ खास जिलों में मूसलाधार बारिश जारी रह सकती है। इस दौरान 50 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
पहाड़ों से लेकर दक्षिण भारत तक झमाझम बारिश
-
पहाड़ी राज्य: उत्तर-पश्चिम भारत के पहाड़ों पर आफत की बारिश का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में व्यापक वर्षा होगी। आईएमडी ने हिमाचल और उत्तराखंड के लिए 'बहुत भारी बारिश' का विशेष अलर्ट जारी किया है।
-
पूर्व और पूर्वोत्तर भारत: पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी भारी बारिश की संभावना है।
-
दक्षिण भारत: तटीय कर्नाटक, केरल और माहे में भी आज बहुत भारी वर्षा का अनुमान जताया गया है, जबकि आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में छिटपुट बौछारें पड़ सकती हैं।