योगी सरकार ने खोला खजाना: नोएडा और यमुना सिटी को ₹17,800 करोड़ की ऐतिहासिक सौगात, 10 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आज के नोएडा और यमुना सिटी दौरे ने विकास के नए आयाम स्थापित कर दिए हैं। सीएम योगी ने क्षेत्र की सूरत बदलने और औद्योगिक क्रांति को रफ्तार देने के लिए करीब 17,800 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया है। इस महा-निवेश के जरिए दिल्ली-एनसीआर (NCSR) के इस औद्योगिक हब में करीब 10,000 नए रोजगार के अवसर पैदा होने का अनुमान है।
यमुना सिटी में ₹15,000 करोड़ का मेगा इंडस्ट्रियल क्लस्टर
मुख्यमंत्री सबसे पहले यमुना सिटी के सेक्टर-10 स्थित 'इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर' पहुंचे। यहां उन्होंने 15,023 करोड़ रुपये के भारी-भरकम निवेश वाली तीन बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं की नींव रखी:
-
सोलर सेल और मॉड्यूल प्लांट: ₹8,253 करोड़ की लागत से बनने वाला 5 गीगावाट का सोलर सेल और 5 गीगावाट का सोलर मॉड्यूल संयंत्र।
-
अंबर एंटरप्राइजेज प्लांट: ₹3,520 करोड़ के निवेश से होम एप्लायंसेज और कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स का बड़ा निर्माण प्लांट।
-
असेंट-के सर्किट्स संयंत्र: ₹3,250 करोड़ की लागत से बनने वाला हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग प्लांट।
11 साल का इंतजार खत्म: नोएडा को मिला नया 7 मंजिला प्रशासनिक भवन
यमुना सिटी के बाद मुख्यमंत्री ने नोएडा का रुख किया, जहां उन्होंने सेक्टर-96 में बनकर तैयार हुए नोएडा प्राधिकरण (Noida Authority) के भव्य और आलीशान नए प्रशासनिक भवन का औपचारिक उद्घाटन किया। 390 करोड़ रुपये की लागत से बनी यह 7 मंजिला गगनचुंबी इमारत साल 2015 से निर्माणाधीन थी, जिसका इंतजार अब जाकर खत्म हुआ है। इसके उद्घाटन के तुरंत बाद सीएम ने सातवीं मंजिल पर अधिकारियों के साथ क्षेत्र के विकास को लेकर एक अहम समीक्षा बैठक की।
एलिवेटेड रोड समेत 69 विकास परियोजनाओं की सौगात
सीएम योगी ने नोएडा में 2,478 करोड़ रुपये की कुल 69 परियोजनाओं का लोकार्पण (Inauguration) और शिलान्यास किया। इनमें आम जनता से जुड़ी कई बड़ी सुविधाएं शामिल हैं:
-
एलिवेटेड रोड: अगाहपुर से NSEZ तक बना 4.5 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड जनता को समर्पित किया गया। ₹608 करोड़ की लागत से बना यह रोड नवंबर 2025 से ट्रायल पर था, जिससे अब लाखों वाहन चालकों को जाम से मुक्ति मिलेगी।
-
पानी और सीवरेज: यमुना तट पर ₹18.40 करोड़ की 'रेनीवेल-4' परियोजना और ₹27 करोड़ की लागत वाली दो आधुनिक सीवर लाइनों की शुरुआत।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने 65 नई विकास परियोजनाओं की नींव रखी, जिसमें बॉटेनिकल गार्डन बस स्टैंड का कायाकल्प, सेक्टर-123 में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, तीन नए सेक्टरों में मल्टीलेवल पार्किंग, डिजिटल लाइब्रेरी, डियर पार्क और लेक व्यू पार्क का निर्माण शामिल है। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय किसानों और उद्यमियों को जमीन आवंटन पत्र (Plot Allotment Letters) भी सौंपे गए।
चप्पे-चप्पे पर फोर्स: सुरक्षा का कड़ा पहरा
सीएम योगी के इस हाई-प्रोफाइल दौरे को लेकर गौतमबुद्ध नगर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद दिखी। सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए 1,500 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। सुरक्षा की कमान खुद 2 डीसीपी, 4 एडीसीपी, 13 एसीपी और 8 इंस्पेक्टर्स संभाल रहे थे। इसके अलावा आसपास के जिलों से आए अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी (PAC) की 5 कंपनियों को भी संवेदनशील पॉइंट पर तैनात किया गया था।