गाजा में इजरायल का काल बनकर टूटा एयरस्ट्राइक, हमास का मोस्ट वांटेड मिलिट्री चीफ एज़ेदीन अल-हदाद ढेर

गाजा में इजरायल का काल बनकर टूटा एयरस्ट्राइक, हमास का मोस्ट वांटेड मिलिट्री चीफ एज़ेदीन अल-हदाद ढेर

मध्य पूर्व में जारी भीषण युद्ध के बीच इजरायली रक्षा बलों (IDF) को एक और बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है। गाजा शहर में किए गए एक बेहद सटीक और खुफिया हवाई हमले में इजरायली सेना ने हमास की सैन्य शाखा के प्रमुख एज़ेदीन अल-हदाद (Ezzedine Al-Haddad) को मार गिराया है। इजरायल ने हदाद को 7 अक्टूबर 2023 को हुए भीषण आतंकी हमले का मुख्य 'वास्तुकार' और रणनीतिकार करार दिया था। इस बड़े हमले और हदाद की मौत की पुष्टि इजरायली रक्षा मंत्रालय के साथ-साथ अब हमास के शीर्ष अधिकारियों ने भी कर दी है।

खुफिया इनपुट पर हमास के ठिकाने को किया तबाह

इजरायली सेना (IDF) और देश की आंतरिक सुरक्षा एजेंसी 'शिन बेत' (Shin Bet) द्वारा जारी किए गए एक संयुक्त बयान के मुताबिक, यह ऑपरेशन पूरी तरह से सटीक खुफिया सूचनाओं पर आधारित था। इजरायली वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने गाजा शहर के अल-रमल इलाके में एक रिहायशी अपार्टमेंट और एक नागरिक वाहन को निशाना बनाकर बमबारी की। इस हमले की तीव्रता इतनी घातक थी कि हमास कमांडर को संभलने तक का मौका नहीं मिला। शनिवार को आधिकारिक बयान जारी कर इजरायल ने घोषणा की कि आतंकवादी एज़ेदीन अल-हदाद को पूरी तरह से 'एलिमिनेट' (ढेर) कर दिया गया है।

7 अक्टूबर के नरसंहार का आखिरी बड़ा कमांडर

इजरायली सैन्य विश्लेषकों का मानना है कि हदाद की मौत हमास के बचे-कुचे नेटवर्क के लिए सबसे बड़ा झटका है। आईडीएफ के मुताबिक, हदाद हमास के उन आखिरी वरिष्ठ कमांडरों में से एक था जो सीधे तौर पर 7 अक्टूबर के नरसंहार की योजना बनाने, उसे अंजाम देने और युद्ध अभियानों के प्रबंधन में शामिल थे। हमास में उसे 'द घोस्ट' (भूत) के नाम से भी जाना जाता था, क्योंकि वह इससे पहले इजरायल द्वारा किए गए कई जानलेवा हमलों से बाल-बाल बच निकलने में कामयाब रहा था।

बंधकों को ढाल बनाकर छिप रहा था हमास चीफ

इस सैन्य ऑपरेशन के बाद इजरायली अधिकारियों ने एक और चौंकाने वाला दावा किया है। सेना ने बताया कि पूरे युद्ध के दौरान हदाद गाजा में इजरायली बंधकों को कैद में रखने की पूरी व्यवस्था को संभाल रहा था। वह इजरायली हवाई हमलों और अपनी मौत से बचने के लिए जानबूझकर खुद के इर्द-गिर्द इजरायली बंधकों को ढाल (ह्यूमन शील्ड) बनाकर रखता था ताकि सेना उस पर हमला न कर सके। हालांकि, इस बार इजरायली खुफिया तंत्र ने उसे ढूंढ निकाला और अचूक निशाना साधते हुए उसका खात्मा कर दिया। हमास के सूत्रों के मुताबिक, इस हवाई हमले में हदाद के साथ उसकी पत्नी और बेटी की भी मौत हो गई है।

मोहम्मद सिनवार की मौत के बाद संभाली थी कमान

एज़ेदीन अल-हदाद हमास के सबसे पुराने और सबसे वफादार कमांडरों में गिना जाता था। वह 1980 के दशक में संगठन की स्थापना के शुरुआती दिनों से ही इससे जुड़ा हुआ था और तेजी से रैंकों में ऊपर चढ़ा था। मई 2025 में इजरायल द्वारा हमास के पूर्व सैन्य कमांडर मोहम्मद सिनवार को मारे जाने के बाद, हदाद को गाजा में हमास की सैन्य विंग का नया चीफ नियुक्त किया गया था। वह लगातार हमास की सैन्य क्षमताओं को दोबारा खड़ा करने और इजरायली नागरिकों व सैनिकों के खिलाफ नए हमलों की साजिश रचने में व्यस्त था। याह्या सिनवार, मोहम्मद दलीफ और मोहम्मद सिनवार के बाद हदाद का मारा जाना इजरायल की बहुत बड़ी रणनीतिक जीत माना जा रहा है।

Tags: