न्यूजीलैंड में भूकंप के भीषण झटकों से कांपी धरती, सुनामी का अलर्ट जारी; जानें भारत पर मंडरा रहा है कितना खतरा
दक्षिणी-पश्चिमी प्रशांत महासागर में बसे खूबसूरत देश न्यूजीलैंड से एक बड़ी और डराने वाली खबर आ रही है। गुरुवार, 16 जुलाई को न्यूजीलैंड का साउथ आइलैंड भीषण भूकंप के झटकों से दहल उठा। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 5.9 मापी गई है। भूकंप के तुरंत बाद प्रशासन ने तटीय इलाकों में सुनामी का अलर्ट जारी कर दिया, जिससे तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई और उन्हें फौरन ऊंचे स्थानों पर जाने की हिदायत दी गई।
ते अनाउ शहर के पास था केंद्र, ट्रेन की तरह गूंजी धरती
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, इस शक्तिशाली भूकंप का केंद्र ते अनाउ शहर से करीब 40 किलोमीटर उत्तर में जमीन से 50 किलोमीटर की गहराई में था। स्थानीय निवासियों ने बताया कि भूकंप के झटके बेहद लंबे और तेज थे। फियोर्डलैंड होटल की ड्यूटी मैनेजर मेलिन पुयात ने कहा, "लगभग एक मिनट तक पूरी इमारत हिलती रही।" एक अन्य नागरिक ने बताया कि भूकंप का शोर किसी भारी ट्रेन के गुजरने जैसा था और घरों की दीवारें बुरी तरह कांप रही थीं।
नेशनल इमरजेंसी मैनेजमेंट ने जारी किया था सुनामी अलर्ट
भूकंप के तुरंत बाद न्यूजीलैंड की राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी (NEMA) ने रेड अलर्ट जारी करते हुए लोगों को समुद्र तटों, बंदरगाहों और नदियों से दूर रहने को कहा। हालांकि, स्थिति की समीक्षा करने के बाद अब सुनामी के इस अलर्ट को कैंसिल कर दिया गया है। राहत की बात यह है कि इस प्राकृतिक आपदा में फिलहाल किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है।
क्या भारत पर भी मंडरा रहा है सुनामी का खतरा?
न्यूजीलैंड में आए इस भूकंप और सुनामी की चेतावनी के बाद भारतीय उपमहाद्वीप के लोगों के मन में भी डर बैठ गया था। लेकिन विशेषज्ञों और भूवैज्ञानिकों ने साफ कर दिया है कि इस सुनामी अलर्ट का भारत पर कोई असर नहीं होने वाला है। भूकंप का केंद्र भारतीय समुद्री तट से करीब 12,000 किलोमीटर की अत्यधिक दूरी पर स्थित है, इसलिए भारत के तटीय राज्यों को इससे कोई खतरा नहीं है।