सऊदी अरब ने ईरान से लिया बदला! इराक में किए गए ताबड़तोड़ एयरस्ट्राइक, पश्चिम एशिया में सुलग उठा तनाव
पश्चिम एशिया में युद्ध की आग लगातार फैलती जा रही है। कतर और पाकिस्तान की मध्यस्थता से अमेरिका और ईरान के बीच समझौते की कोशिशें चल रही हैं, लेकिन इसी बीच सऊदी अरब ने ईरान से बदला लेते हुए इराक में बड़ा हमला कर दिया है। पिछले 72 घंटों में सऊदी अरब के तेल ठिकानों को निशाना बनाकर किए गए 30 से अधिक ड्रोन हमलों के जवाब में सऊदी और अमेरिकी सेना ने मिलकर यह जवाबी कार्रवाई की है।
आत्मरक्षा में उठाया गया कदम
सऊदी रक्षा मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि यह एयरस्ट्राइक संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अनुच्छेद 51 के तहत 'आत्मरक्षा के अधिकार' के तहत की गई है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) और सऊदी वायुसेना ने इराक में सक्रिय ईरान समर्थित उग्रवादियों के हथियार और लॉजिस्टिक्स ठिकानों को सटीक निशानों पर लिया। रियाद ने ईरान को चेतावनी दी है कि वह क्षेत्र में तनाव नहीं बढ़ाना चाहता, लेकिन अपनी सुरक्षा और तेल संपत्तियों पर आंच आने पर मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
कूटनीति को मौका और डोनाल्ड ट्रंप की चेतावनी
एक तरफ ओमान और ईरान के बीच कूटनीतिक बातचीत जारी है, वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी दी है। ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने फिलहाल कूटनीति को एक मौका देने के लिए हमले रोके हैं, लेकिन यदि तेहरान ने समझौता नहीं किया, तो अमेरिका एक बार फिर ईरान के पावर प्लांट्स और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर बड़ा हमला करेगा। क्षेत्रीय स्तर पर तनाव कम करने के लिए ओमान के विदेश मंत्री लगातार अन्य खाड़ी देशों के संपर्क में हैं, लेकिन अभी तक कोई अंतिम समझौता नहीं हो सका है।