मुकुल अग्रवाल के इस मल्टीबैगर शेयर ने काटा गदर, मुनाफा 143% उछलते ही खरीदने की मची लूट, एक्सपर्ट्स बोले- अब सीधे ₹25,770 पार

मुकुल अग्रवाल के इस मल्टीबैगर शेयर ने काटा गदर, मुनाफा 143% उछलते ही खरीदने की मची लूट, एक्सपर्ट्स बोले- अब सीधे ₹25,770 पार

शेयर बाजार में आज एक मल्टीबैगर स्टॉक ने अपने दमदार नतीजों के दम पर दलाल स्ट्रीट में तहलका मचा दिया है। दिग्गज निवेशक मुकुल अग्रवाल के पोर्टफोलियो में शामिल पीटीसी इंडस्ट्रीज (PTC Industries) के शेयरों में आज सोमवार को जबरदस्त लिवाली देखने को मिल रही है। तिमाही नतीजों से गदगद निवेशकों ने इस शेयर को हाथों-हाथ लिया है, जिसके चलते कंपनी के शेयरों का भाव करीब 19.50 प्रतिशत तक रॉकेट बन गया। कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 143 फीसदी से ज्यादा बढ़ गया है, जिसने बाजार के बड़े-बड़े दिग्गजों को हैरान कर दिया है। इसी शानदार परफॉर्मेंस की वजह से आज निवेशकों के बीच इस शेयर को अपने पोर्टफोलियो में शामिल करने की होड़ मची हुई है।

52 वीक हाई के बेहद करीब पहुंचा शेयर, मार्केट कैप में भारी उछाल

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) में हफ्ते के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को पीटीसी इंडस्ट्रीज का शेयर ₹17,199.85 पर ओपन हुआ था। कारोबार के दौरान जैसे ही तिमाही नतीजों का असर दिखा, वैसे ही शेयर में तूफानी तेजी आई और यह 19.50% की बढ़त के साथ ₹19,189.95 के इंट्रा-डे हाई पर पहुंच गया। यह तेजी इतनी तगड़ी है कि शेयर अब अपने 52-हफ्ते के रिकॉर्ड हाई लेवल ₹19,439 के बिल्कुल करीब खड़ा है। आपको बता दें कि इस शेयर का 52-हफ्ते का सबसे निचला स्तर ₹13,300 रहा है, जबकि आज की तेजी के बाद कंपनी का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन (मार्केट कैप) बढ़कर ₹27,976 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया है।

मार्च तिमाही में मुनाफे और रेवेन्यू का डबल धमाका (PTC Industries Q4 Results)

पीटीसी इंडस्ट्रीज के लिए जनवरी से मार्च 2026 की तिमाही (Q4) उम्मीद से कहीं ज्यादा शानदार साबित हुई है। इस दौरान कंपनी का नेट प्रॉफिट बढ़कर ₹59.91 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है। अगर पिछले साल की समान तिमाही से इसकी तुलना करें, जब कंपनी का नेट प्रॉफिट ₹24.57 करोड़ रुपये था, तो इस बार इसमें 143 प्रतिशत का बंपर उछाल आया है। इतना ही नहीं, तिमाही दर तिमाही (QoQ) के आधार पर तो कंपनी के मुनाफे में 226 फीसदी की अविश्वसनीय ग्रोथ देखने को मिली है। रेवेन्यू के मोर्चे पर भी कंपनी ने शानदार प्रदर्शन किया है। एक्सचेंज को दी गई जानकारी के मुताबिक, मार्च तिमाही में कंपनी का कुल रेवेन्यू सालाना आधार पर 85 प्रतिशत बढ़कर ₹225.47 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है, जो पिछले साल इसी तिमाही में ₹121.91 करोड़ रुपये था। वहीं, पूरे वित्त वर्ष के दौरान कंपनी ने ₹101 करोड़ का शुद्ध मुनाफा कमाया है।

ग्लोबल ब्रोकरेज हाउस बुलिश, दिया अब तक का सबसे बड़ा टारगेट प्राइस

कंपनी की इस धुआंधार परफॉर्मेंस को देखकर सिर्फ घरेलू निवेशक ही नहीं, बल्कि ग्लोबल एक्सपर्ट्स भी इस स्टॉक पर पूरी तरह बुलिश नजर आ रहे हैं। सीएनबीसी टीवी18 की रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया के प्रतिष्ठित ब्रोकरेज हाउस गोल्डमैन सैक्स (Goldman Sachs) ने पीटीसी इंडस्ट्रीज के शेयर पर 'BUY' (खरीदने) की रेटिंग दी है। गोल्डमैन सैक्स ने इस शेयर के लिए ₹25,770 का बेहद बड़ा और आकर्षक टारगेट प्राइस सेट किया है, जो मौजूदा भाव से काफी ऊपर है। शेयर बाजार के जाने-माने निवेशक मुकुल महावीर अग्रवाल की इस कंपनी में 1.07 प्रतिशत की हिस्सेदारी है और उनके पास कंपनी के कुल 160,000 शेयर मौजूद हैं।

10 साल में दिया 28,000% से ज्यादा का छप्परफाड़ रिटर्न

पीटीसी इंडस्ट्रीज के रिटर्न का ट्रैक रिकॉर्ड देखें तो इसने हमेशा अपने निवेशकों को मालामाल किया है। पिछले एक साल में जहां सेंसेक्स इंडेक्स में 8.06 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई, वहीं इस शेयर ने विपरीत परिस्थितियों में भी निवेशकों को 21 फीसदी का पॉजिटिव रिटर्न दिया है। पिछले दो सालों में इस स्टॉक ने 120 प्रतिशत की शानदार उछाल दर्ज की है। वहीं, अगर आप इसके लंबी अवधि के यानी पिछले 10 सालों के ट्रैक रिकॉर्ड को देखेंगे, तो इसने 28,258 प्रतिशत का ऐसा छप्परफाड़ और ऐतिहासिक रिटर्न दिया है जिसने शुरुआती निवेशकों को करोड़पति बना दिया है।

 

Tags: