हेमा मालिनी से बेपनाह मोहब्बत, सुलक्षणा पंडित का प्रपोजल ठुकराया; जानिए क्यों ताउम्र कुंवारे रहे बॉलीवुड के 'ठाकुर' संजीव कुमार
हिंदी सिनेमा के इतिहास में अपनी दमदार अदाकारी से अमिट छाप छोड़ने वाले अभिनेता संजीव कुमार की पेशेवर जिंदगी जितनी कामयाब रही, उनकी निजी जिंदगी उतनी ही तन्हा और दर्दभरी रही। फिल्मों में गंभीर पारिवारिक किरदारों और रोमांटिक भूमिकाओं को जीवंत करने वाले संजीव कुमार असल जिंदगी में हमेशा कुंवारे रहे। ऐसा नहीं था कि उनकी जिंदगी में कभी प्यार ने दस्तक नहीं दी; बॉलीवुड की कई खूबसूरत अभिनेत्रियां उनके दिल के करीब रहीं। नूतन, हेमा मालिनी, सायरा बानो और सुलक्षणा पंडित जैसी दिग्गज अभिनेत्रियों से उनका नाम जुड़ा, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।
हेमा मालिनी से बेहद प्यार, फिर भी शादी से क्यों पीछे खींचे कदम?
फिल्म 'शोले' में 'ठाकुर' के कालजयी किरदार से अमर होने वाले संजीव कुमार का दिल बॉलीवुड की 'ड्रीम गर्ल' हेमा मालिनी पर आ गया था। 'शोले' के सेट पर दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और संजीव कुमार उनसे बेपनाह मोहब्बत करने लगे थे। लेकिन इस प्रेम कहानी का अंत बेहद दर्दनाक रहा। जब संजीव कुमार महज 30 साल के थे, तभी उन्हें दिल का दौरा पड़ गया था। इस गंभीर बीमारी के बाद उन्हें यह आभास हो गया था कि उनके पास जिंदगी के ज्यादा साल नहीं बचे हैं और उनकी उम्र लंबी नहीं है। वह नहीं चाहते थे कि उनकी वजह से हेमा मालिनी की जिंदगी में कभी कोई दुखों का पहाड़ टूटे, इसलिए उन्होंने खुद को इस रिश्ते से पीछे खींच लिया और कभी शादी न करने का कठोर फैसला कर लिया।
सायरा बानो को किया था प्रपोज, लेकिन मिला था इनकार
हेमा मालिनी की कशिश में बंधने से पहले संजीव कुमार का दिल एक और हुस्न की मल्लिका पर आया था। अपने करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने मशहूर अभिनेत्री सायरा बानो को शादी का प्रस्ताव दिया था। हालांकि, सायरा बानो की तरफ से उन्हें इस प्रपोजल पर इनकार का सामना करना पड़ा था। इस रिजेक्शन के बाद वह पूरी तरह टूट गए थे, जिसके बाद उनकी जिंदगी में हेमा मालिनी का आगमन हुआ था।
दीवानी सुलक्षणा पंडित को क्यों किया था रिजेक्ट?
एक तरफ जहां संजीव कुमार, हेमा मालिनी से अलग होने के गम में डूबे हुए थे, वहीं दूसरी तरफ बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री और गायिका सुलक्षणा पंडित उनके प्यार में पूरी तरह दीवानी हो चुकी थीं। फिल्म 'उल्झन' की शूटिंग के दौरान सुलक्षणा पंडित और संजीव कुमार के बीच नजदीकियां बढ़ी थीं। संजीव कुमार अक्सर सुलक्षणा के परिवार से मिलने भी जाया करते थे। लेकिन जब सुलक्षणा पंडित ने दुनिया के सामने संजीव कुमार के सामने शादी का प्रस्ताव रखा, तो अभिनेता ने बेहद सादगी और साफगोई से उसे ठुकराया दिया। संजीव कुमार का कहना था कि उनके दिल में सिर्फ और सिर्फ हेमा मालिनी के लिए जगह है और वह किसी और को वहां नहीं रख सकते। संजीव कुमार के इस फैसले के बाद सुलक्षणा पंडित ने भी जिंदगी भर शादी नहीं की।
एक खौफनाक सच जिसके चलते ताउम्र कुंवारे रहे अभिनेता
संजीव कुमार का ताउम्र कुंवारे रहने और कम उम्र में दुनिया को अलविदा कह देने के पीछे उनके परिवार का एक जेनेटिक मेडिकल इतिहास भी था। उनके परिवार में पुरुषों की असमय मृत्यु का एक सिलसिला था, जिसके कारण संजीव कुमार हमेशा मानसिक रूप से इस बात के लिए तैयार रहते थे कि वह ज्यादा जी नहीं पाएंगे। आखिरकार उनका यह डर सच साबित हुआ और साल 1985 में महज 47 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से इस महान कलाकार का निधन हो गया। उनकी अधूरी प्रेम कहानियां आज भी बॉलीवुड की सबसे भावुक दास्तानों में गिनी जाती हैं